भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) की महागुण माईवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ सोसाइटी की 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर 11 वर्षीय मासूम और उसके पिता की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालकनी में फूल तोड़ते समय बेटे का पैर फिसल गया था, जिसे बचाने की कोशिश में पिता भी संतुलन खो बैठे और दोनों 23वीं मंजिल से सीधे नीचे जा गिरे। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरी सोसाइटी में चीख-पुकार और हड़कंप मच गया।
सुबह 4 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे की है। मृतकों की पहचान रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। रणदीप पात्रा उत्तर प्रदेश सचिवालय (Secretariat) में कार्यरत थे, जबकि उनका बेटा आरव अभी पढ़ाई कर रहा था।
शुक्रवार तड़के आरव 23वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट की बालकनी में पौधे से फूल तोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह बालकनी की ग्रिल/रेलिंग से नीचे की ओर लटक गया। बालकनी में मौजूद पिता रणदीप ने जब बेटे को जिंदगी और मौत के बीच लटकते देखा, तो वे बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए आगे झपटे। लेकिन मासूम को खींचने की इस हड़बड़ाहट में उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों 23वीं मंजिल से नीचे आ गिरे।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें
हादसे की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को लहूलुहान हालत में पास के ही नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम, सोसाइटी में शोक की लहर
एक ही झटके में हंसते-खेलते परिवार के पिता और मासूम बेटे की अचानक हुई इस दुखद मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से महागुण माईवुड्स सोसाइटी में मातम और शोक का माहौल पसरा हुआ है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।

