भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर करारा प्रहार किया है। बुधवार (18 नवंबर 2026) को थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर गांजा तस्करों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक ट्रक बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अम्बेडकर पार्क के पास घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर
पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को थाना बादलपुर पुलिस और ANTF टीम द्वारा लोकल एवं मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम ने अम्बेडकर पार्क के सामने से हरियाणा नंबर के एक बिना बॉडी वाले ट्रक (रजिस्ट्रेशन नं. HR38AB2007) को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ।
मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
🔸 इरफ़ान पुत्र बसीर (उम्र करीब 31 वर्ष) – निवासी सांचोली, थाना सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा)
🔸 आसिफ पुत्र सगीर (उम्र करीब 20 वर्ष) – निवासी सांचोली, थाना सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा)
तस्करी का शातिर तरीका: डीजल टैंक जैसी दिखने वाली गुप्त कैविटी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी के चौंकाने वाले तरीके का खुलासा किया। इरफान ट्रक का मालिक है और खुद ड्राइविंग करता है, जबकि आसिफ ट्रक में हेल्पर का काम करता है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक के निचले हिस्से में टूल बॉक्स के पास एक विशेष गुप्त कैविटी (Cavity) बनवा रखी थी, जो देखने में बिल्कुल डीजल टैंक जैसी प्रतीत होती थी। आरोपी इस गुप्त बॉक्स में गांजा छिपाकर ओडिशा राज्य से गुरुग्राम ले जा रहे थे और रास्ते में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर इसकी डिलीवरी करने वाले थे।
असम में भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों शातिर अपराधी पेशेवर तस्कर हैं और पूर्व में भी असम राज्य से एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में जेल की हवा खा चुके हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास और इस नेटवर्क से जुड़े बाकी सप्लायर्स की कुंडली खंगाल रही है। थाना बादलपुर में आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 367/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

