एशियन गेम्स 2026: दुजाना के लाल जय कुमार नागर ने जमाया दो पदकों पर कब्जा

जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में दादरी (गौतमबुद्ध नगर) के दुजाना निवासी एथलीट जय कुमार नागर ने इतिहास रच दिया। 400 मीटर रिले स्पर्धाओं में एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर उन्होंने देश और गांव का नाम रोशन किया।

Partap Singh Nagar
2 Min Read
एशियन गेम्स 2026: दुजाना के लाल जय कुमार नागर ने जमाया दो पदकों पर कब्जा

भारतीय टॉक न्यूज (दादरी/गौतमबुद्ध नगर): जापान के नागोया शहर में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र अंतर्गत दुजाना गांव के युवा एथलीट जय कुमार नागर ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए दो पदक भारत की झोली में डाले हैं। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक रजत (Silver) और एक कांस्य (Bronze) पदक जीतकर जय कुमार ने पूरे देश, जिले और अपने गांव दुजाना का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है।

400 मीटर मिक्स्ड रिले में जीता रजत पदक

जय कुमार नागर ने 24 सितंबर 2026 को आयोजित 400 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक अपने नाम किया। दो पुरुष और दो महिला एथलीटों वाली इस भारतीय रिले टीम ने अंतिम क्षणों तक कड़ी चुनौती पेश करते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।

4×400 मीटर पुरुष रिले में दिलाया कांस्य पदक

इसके बाद 29 सितंबर 2026 को आयोजित 4×400 मीटर पुरुष रिले प्रतियोगिता में जय कुमार ने भारतीय चौकड़ी का हिस्सा बनते हुए देश को कांस्य पदक दिलाया। इस स्पर्धा में उनके साथ भारतीय टीम में धर्मवीर चौधरी, मनू टीएस और विशाल टिके शामिल रहे। चारों एथलीटों के तालमेल और निरंतर अभ्यास के बल पर भारत ने पदक तालिका में एक और महत्वपूर्ण पदक जोड़ा।

दुजाना गांव और परिवार में जश्न का माहौल

राकेश नागर के बेटे जय कुमार की इस दोहरी ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही दुजाना गांव सहित पूरे दादरी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता ओमवीर आर्य ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर देश का परचम लहराना क्षेत्र के युवाओं के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।

जय कुमार के पिता राकेश नागर और उनके समस्त परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्रवासियों को पूरी उम्मीद है कि आने वाली आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दुजाना का यह होनहार एथलीट भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्र का मान और बढ़ाएगा।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *