ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर ग्रेटर नोएडा में कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। नॉलेज पार्क-4 स्थित एक इंस्टीट्यूट में मकानों की सूची तैयार करने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। हालांकि, प्रशिक्षण के पहले ही दिन अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने शिविर का औचक निरीक्षण किया, जिसमें 24 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन कर्मचारियों पर अब विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
क्या है पूरा मामला?
जनगणना के पहले चरण में मकानों की गणना कर सूची तैयार करने का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके लिए ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में लगभग 3,000 कर्मचारियों (प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों) को प्रशिक्षित किया जाना है। मंगलवार को जब एसीईओ सुमित यादव प्रशिक्षण शिविर का जायजा लेने पहुंचे, तो आंकड़ों ने लापरवाही की पोल खोल दी। पहले दिन 225 कर्मचारियों को प्रशिक्षण में शामिल होना था, लेकिन इनमें से 24 कर्मचारी नदारद मिले।
एसीईओ सुमित यादव ने अनुपस्थित कर्मचारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन सभी 24 अनुपस्थित कर्मचारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show Cause Notice) जारी किया जा रहा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में ड्यूटी के प्रति लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

