Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के गांव घरबरा के समीप एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में किराना व्यापारी राहुल विधूड़ी (30) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह घर से काम के सिलसिले में निकले राहुल की गाड़ी जब शाम करीब 4:30 बजे कोफोर्ज कंपनी के पास सड़क किनारे खड़ी मिली, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि राहुल ड्राइवर सीट पर मृत अवस्था में थे और उनके हाथ में एक पिस्टल थी, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था। गाड़ी के शीशे पर गोली के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ग्रेटर नोएडा अरविंद कुमार ने बताया कि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और मृतक के पास मिली पिस्टल भी अवैध लग रही है, क्योंकि परिजन इसका कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर पाए हैं। पुलिस अब मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) को खंगाल रही है और इस बात की बारीकी से जांच की जा रही है कि घटना के समय राहुल अकेले थे या उनके साथ कोई और भी मौजूद था। राहुल के परिवार में पत्नी और एक बेटी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस हर संभव एंगल से जांच कर रही है ताकि इस संदिग्ध मौत के पीछे की असल वजह और अवैध हथियार के स्रोत का पता लगाया जा सके।

