ग्रेटर नोएडा: रबूपुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत का सनसनीखेज खुलासा, बहन-बहनोई समेत 3 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। संपत्ति विवाद के चलते उकसाने के आरोप में मृतक की दो बहनों और बहनोई को गिरफ्तार किया गया है।

Partap Singh Nagar
4 Min Read
ग्रेटर नोएडा: रबूपुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत का सनसनीखेज खुलासा, बहन-बहनोई समेत 3 गिरफ्तार

भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): गौतमबुद्धनगर के रबूपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पदम में एक ही परिवार के पांच लोगों के मृत मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। मृतक महेश के मोबाइल से मिले एक ऑडियो सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतक की दो बहनों और बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 108 BNS) का गंभीर आरोप है।

क्या था पूरा मामला?

17 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नगला पदम में एक ही परिवार के पांच सदस्य अपने घर में मृत अवस्था में मिले हैं। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), और उनके तीन बच्चों—लड्डू उर्फ साक्षात (11), मिस्टी (7), तथा रियांश (3) के रूप में हुई थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि सभी ने 16 अक्टूबर की रात खाना खाया और सो गए, जिसके बाद अगली सुबह वे मृत पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल (FSL) और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों को बुलाया गया था। मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के साथ शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर यह स्पष्ट हुआ कि उस रात घर के अंदर कोई बाहरी व्यक्ति दाखिल नहीं हुआ था।

प्रॉपर्टी विवाद और ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुला राज

जांच के दौरान जब पुलिस ने मृतक महेश के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की, तो एक अहम ऑडियो रिकॉर्डिंग हाथ लगी। इस ऑडियो में मृतक महेश ने अपनी मौत के लिए अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर उर्फ चंद्रशेखर और छोटी बहन सपना को जिम्मेदार ठहराया है।

आस-पड़ोस और रिश्तेदारों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक महेश की बहन सुनीता ने उनकी मां (चंद्रवती) को कथित तौर पर अपने प्रभाव में लेकर, उस मकान को अपने नाम करा लिया था जिसमें महेश अपनी मां के साथ रहता था। इस बात का पता चलने के बाद से महेश भारी मानसिक तनाव और परेशानी में चल रहा था।

मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, तीनों आरोपी गिरफ्तार

मृतका ललिता के भाई द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना रबूपुरा में मु0अ0सं0 223/2026, धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को 18 अक्टूबर 2026 को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:

🔸 शेखर उर्फ चंद्रशेखर (पुत्र चरना, उम्र करीब 50 वर्ष) – निवासी शालीमार गाँव, दिल्ली।

🔸 सुनीता (पत्नी शेखर, उम्र करीब 45 वर्ष) – निवासी शालीमार गाँव, दिल्ली (मृतक की बहन)।

🔸 सपना (पत्नी संजीव, उम्र करीब 32 वर्ष) – निवासी खेड़ा कला, बादली, दिल्ली (मृतक की बहन)।

क्षेत्र में स्थिति सामान्य

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई तेजी से जारी है। वर्तमान में घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से सामान्य व शांतिपूर्ण है। पुलिस विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के अन्य तकनीकी पहलुओं पर भी पूरी स्पष्टता से जांच आगे बढ़ा रही है।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *