ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर कोर्ट में चैंबर निर्माण को लेकर वकीलों में जबरदस्त हंगामा, शिलापट तोड़ा; सामान फेंकने से तनाव

सूरजपुर स्थित जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन में चैंबर निर्माण को लेकर वकीलों के दो गुट आपस में भिड़ गए। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने शिलापट तोड़ा और सामान बाहर फेंका।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर कोर्ट में चैंबर निर्माण को लेकर वकीलों में जबरदस्त हंगामा, शिलापट तोड़ा; सामान फेंकने से तनाव

भारतीय टॉक न्यूज़ (लीगल डेस्क)/ ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर स्थित जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में मंगलवार सुबह अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच जमकर हंगामा और विवाद हो गया। विवाद की मुख्य वजह बार कार्यालय परिसर में नए चैंबर का निर्माण कराया जाना बताया जा रहा है। चैंबर निर्माण का विरोध कर रहे वकीलों के दूसरे गुट ने मौके पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित अधिवक्ताओं ने निर्माण कार्य के लिए लगाया गया शिलापट तोड़ दिया और चैंबर के लिए लाया गया सामान उठाकर बाहर फेंक दिया। घटना के बाद से कोर्ट परिसर में दोनों गुटों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।

बिना सहमति निर्माण कराने का आरोप; विरोध में तोड़ा शिलापट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह बार एसोसिएशन कार्यालय परिसर में नए चैंबर निर्माण की तैयारियां चल रही थीं और इसके लिए निर्माण सामग्री व अन्य सामान वहां लाया गया था। जैसे ही इसकी जानकारी दूसरे गुट के अधिवक्ताओं को हुई, वे बड़ी संख्या में एकत्र होकर मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का कड़ा विरोध करने लगे।

देखते ही देखते बहसबाजी इतनी बढ़ गई कि विरोधी गुट के वकीलों ने आपा खो दिया। अधिवक्ताओं ने नए चैंबर निर्माण से संबंधित शिलापट को चकनाचूर कर दिया और वहां रखा सामान परिसर से बाहर फेंक दिया। वकीलों का आरोप है कि बार एसोसिएशन कार्यालय में किसी भी तरह के नए निर्माण से पहले सभी कार्यकारिणी सदस्यों व अधिवक्ताओं की सहमति और तय कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए था।

मौके पर पहुंची पुलिस, बार एसोसिएशन में शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर

हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत सूरजपुर कोर्ट परिसर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद फिलहाल मौके पर शांति है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच खींचतान जारी है।

घटना के बाद बार एसोसिएशन के दोनों गुटों के बीच एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। एक पक्ष इसे विकास कार्य में बाधा बता रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे नियमों की अनदेखी करार दे रहा है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *