ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज : ग्रेटर नोएडा की थाना सूरजपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और चोरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर कुल सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार और शनिवार (29-30 मई 2026) की दरमियानी रात ओमीक्रोन-3 सर्विस रोड और साकीपुर के पास घेराबंदी कर इन दोनों अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश किया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब ₹3 लाख कीमत की सोने की चेन, भारी मात्रा में तांबे का तार और अवैध चाकू बरामद किए हैं। इनमें से कई आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जो लंबे समय से नोएडा-एनसीआर में सक्रिय थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए अपराधियों में से चार शातिरों ने मिलकर साकीपुर गांव में अपनी ही एक महिला रिश्तेदार को बातों के जाल में फंसाकर उसके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन पार कर दी थी। महिला को जब अपनी रिश्तेदारी में हुई इस ठगी और चोरी का अहसास हुआ, तो उन्होंने सूरजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने दीपक भाटी (पुत्र प्रताप भाटी, निवासी साकीपुर), रोहित भाटी उर्फ रैन्चो (पुत्र इन्द्राज, निवासी साकीपुर), सूरज (पुत्र रूपसिंह, निवासी बुलंदशहर) और रोहित (पुत्र रामवीर, निवासी अलीगढ़) को गिरफ्तार किया है। दीपक पीड़िता का करीबी रिश्तेदार था, जिसके कारण महिला आसानी से इनकी बातों में आ गई थी। वहीं, पकड़े गए तीन अन्य आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में दिन-रात क्षेत्र की बंद दुकानों और निर्माणाधीन मकानों की रेकी कर बिजली फिटिंग के महंगे तार चोरी करते थे।इस गिरोह में उत्तम (पुत्र रोशन चौहान, निवासी पिथौरागढ़, उत्तराखण्ड), दीपेश (पुत्र संजय, निवासी बुलंदशहर) और गौरव (पुत्र राजेन्द्र, निवासी सिकंदराबाद, बुलंदशहर) शामिल हैं।
इन आरोपियों ने हाल ही में जैतपुर गांव की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर भारी मात्रा में तार चुराए थे, जिन्हें जलाकर वे करीब 4 किलो तांबा निकालकर बेचने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

