Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : थाना सेक्टर-49 पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसने मामूली विवाद में एक सफाई कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और एक फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 अक्टूबर 2025 को अभियुक्त योगेश यादव अपनी पत्नी से मिलने के लिए होशियारपुर गांव आया था। पत्नी से किसी बात पर कहासुनी होने के बाद वह गुस्से में अपनी फॉर्च्यूनर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP32HQ3004) गली नंबर 4 से निकाल रहा था। इसी दौरान उसका वहां काम कर रहे एक सफाई कर्मचारी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि योगेश ने तैश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और सफाईकर्मी को डरा-धमका दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के होशियारपुर गांव में फॉर्चूनर सवार दबंग ने सफाईकर्मी से विवाद कर मारपीट की।
🔸बेखौफ दबंग ने खुलेआम पिस्टल लहराकर सफाईकर्मी को धमकाया।
🔸घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
🔸वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच शुरू कर… pic.twitter.com/8FEmWE20az— BT News |Bharatiya Talk| (@BharatiyaTalk) October 4, 2025
सूचना पर हुई गिरफ्तारी
सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-49 पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-50 बिजली घर के पास मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वांछित अभियुक्त योगेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उसकी फॉर्च्यूनर कार को भी मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।
अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान योगेश यादव (उम्र 34 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय चरण सिंह उर्फ पप्पू, निवासी ग्राम बहलोलपुर, थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352, 115(2), 351(2), 109(1), SC/ST एक्ट की धाराओं 3(1)(द)(ध), 3(2)(Va) और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

