Greater Noida / भारतीय टॉक न्यूज़: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के पास एक दिल दहला देने वाली घटना में, 19 वर्षीय एक युवक की एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब युवक बंद रेलवे फाटक के नीचे से अपनी बाइक निकाल रहा था और वह पटरी पर फिसल गई। अपनी बाइक को बचाने की कोशिश में युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। सबसे दुखद बात यह है कि ठीक एक महीने बाद 22 नवंबर को युवक की शादी होनी थी, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं।
यह दर्दनाक घटना रविवार, 12 अक्टूबर की शाम की है। दतावली गांव निवासी तुषार (19 वर्ष) बोड़ाकी रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद उसके नीचे से निकलकर रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, जैसे ही वह पटरियों के बीच पहुंचा, उसकी बाइक फिसल कर गिर गई। इसी दौरान पटना-आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार से आ गई। तुषार ने ट्रेन को आता देख भागने की बजाय अपनी बाइक उठाने की कोशिश की और इसी चंद सेकंड की देरी ने उसकी जान ले ली। ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए।
Greater Noida: मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में खुद गंवा बैठा जान, ग्रेटर नोएडा के बोड़की रेलवे स्टेशन पर हुआ हादसा, अगले महीने युवक तुषार की शादी होने वाली थी। @RailMinIndia @Uppolice@noidapolice #GreaterNoida pic.twitter.com/otaAH9pn1u
— BT News |Bharatiya Talk| (@BharatiyaTalk) October 13, 2025
22 नवंबर को थी शादी, मातम में बदलीं खुशियां
मृतक तुषार के परिवार वालों ने बताया कि वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की थी। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और 22 नवंबर को उसकी बारात जानी थी। इस मनहूस खबर के आते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। तुषार का परिवार गांव में सम्मानित है; उसके दादा संतराम और ताऊ दतावली गांव के प्रधान रह चुके हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
दादरी पुलिस के अनुसार, घटना के बाद परिजन शव को घर ले गए थे और उन्होंने किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। हालांकि, मामले की सूचना मिलने पर दादरी RPF इंस्पेक्टर सुशील वर्मा ने बताया कि स्थानीय पुलिस की मदद से युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर बंद रेलवे फाटकों को पार करने के जानलेवा जोखिम को उजागर कर दिया है।

