Greater Noida/भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में प्रोजेक्ट मैनेजर से हुई सनसनीखेज कार लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ‘भारतीय टॉक न्यूज’ द्वारा इस खबर को प्रमुखता से दिखाए जाने और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के बाद, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने सख्त एक्शन लिया। रविवार देर शाम एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को दबोच लिया।

क्या थी घटना?
बीते मंगलवार को चिरसी गांव निवासी नवीन कुमार, जो एक बिल्डर प्रोजेक्ट में मैनेजर हैं, उनसे मास्क पहने बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवाई थी। बदमाशों ने पिस्टल की बट से नवीन के सिर पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था और उनकी कार, 20 हजार रुपये कैश व अन्य दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे। यह वारदात घंघौला पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई थी।
यह भी पढ़ें: [ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े दुस्साहस: चिरसी गांव के पास प्रोजेक्ट मैनेजर के सिर पर पिस्टल की बट मार छीनी कार, पुलिस महकमे में हड़कंप]
मुठभेड़ में दबोचे गए लुटेरे
आज दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना कासना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ओमिक्रोन प्रथम-ए की ग्रीन बेल्ट के पास बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित उर्फ मुत्तु कसाई और शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से लूटी हुई कार (रजिस्ट्रेशन नंबर- DL8CAQ8215) और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
भारतीय टॉक न्यूज की खबर का असर
लूट की इस घटना के बाद ‘भारतीय टॉक न्यूज’ ने लगातार इस मुद्दे को उठाया था कि भीड़भाड़ वाले इलाके और पुलिस चौकी के नजदीक ऐसी वारदात बदमाशों के बेखौफ होने का प्रमाण है। खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और एसओजी समेत 4 टीमें गठित कीं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
कासना कोतवाली पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और पिछली घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जल्द ही इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

