ग्रेटर नोएडा / भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक निजी हॉस्टल में बीटेक छात्र उदित सोनी द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी हॉस्टल के वार्डन बताए जा रहे हैं, जिन पर छात्र को आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment to Suicide) का गंभीर आरोप है।

फरार चल रहे थे सुधांशु और रोहित
थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने बुधवार, 28 जनवरी को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर आईआईएमटी (IIMT) तिराहे से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ शेखर (निवासी बक्सर, बिहार) और रोहित भाटी (निवासी दादरी, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है। ये दोनों ‘जैड बॉयज हॉस्टल’ (EZ Boys Hostel) में कार्यरत थे।
क्या था पूरा मामला?
झांसी के भोगनीपुर निवासी विजय सोनी का बेटा उदित सोनी, नॉलेज पार्क-3 स्थित एक कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। बीती 23/24 जनवरी की रात उदित ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन और वार्डन पर उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
अब तक कुल 4 गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। 25 जनवरी को पुलिस ने सत्यनारायण पाण्डेय और धर्म सिंह सिकरवार को गिरफ्तार किया था। आज हुई दो और गिरफ्तारियों के साथ ही इस केस में अब तक कुल चार लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार: अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0- 25/2026 के तहत धारा 191(2), 115(2) और 108 (BNS) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
छात्र उदित सोनी की मौत ने एक बार फिर हॉस्टल प्रबंधन और छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नॉलेज पार्क पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मृतक के परिजनों को न्याय की उम्मीद जगी है।
पूरी खबर पढ़े: [ग्रेटर नोएडा: हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर बीटेक छात्र ने दी जान, पिता को भेजी गई थी शराब पीते हुए वीडियो ]

