ग्रेटर नोएडा/ भारतीय टॉक न्यूज़: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लग्जरी गाड़ियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बिसरख पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से महज 24 घंटे के भीतर फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की फॉर्च्यूनर और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है।
घटना के अनुसार, 2 फरवरी 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत NX One सोसाइटी के पास खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर-UP16AQ6981) को चोरी कर लिया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली, जिसके बाद मंगलवार को गोल्डन ग्रैंड निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौरव शुक्ला उर्फ कृष्णा शुक्ला और चंदन पांडेय उर्फ गोलू के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-24 स्थित चौड़ा गांव में रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये लोग स्कूटी पर सवार होकर रेकी करते थे और फिर मास्टर चाबी या अन्य हाई-टेक उपकरणों की मदद से लग्जरी गाड़ियों को चंद मिनटों में चोरी कर फरार हो जाते थे। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बिना नंबर प्लेट की पाई गई है।
बिसरख पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की गाड़ियों को खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
यह भी देखें 👇



