ग्रेटर नोएडा: शादी की खुशियों के बीच ‘सूट-बूट’ वाले चोरों का तांडव, जयमाला के दौरान दुल्हन की मां का 50 लाख के गहनों से भरा बैग पार

ग्रेटर नोएडा के गोल्डन ड्रीम फार्म हाउस में शादी के दौरान 50 लाख के गहनों की चोरी। सीसीटीवी में सूट-बूट पहने दो युवक पर्स ले जाते कैद। ईकोटेक-3 पुलिस जांच में जुटी।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा: शादी की खुशियों के बीच 'सूट-बूट' वाले चोरों का तांडव, जयमाला के दौरान दुल्हन की मां का 50 लाख के गहनों से भरा बैग पार

ग्रेटर नोएडा (भारतीय टॉक न्यूज़): दिल्ली-एनसीआर में शादियों के सीजन के बीच एक बार फिर ‘सूट-बूट’ वाले लिफाफा मार गिरोह का आतंक देखने को मिला है। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र का है, जहाँ एक भव्य विवाह समारोह के दौरान शातिर चोरों ने वधू पक्ष की खुशियों को ग्रहण लगा दिया। चोरों ने बड़ी चालाकी से स्टेज के पास रखा दुल्हन की मां का पर्स पार कर दिया, जिसमें करीब 50 लाख रुपये के कीमती जेवरात और नकदी मौजूद थी।

जयमाला के दौरान हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के विजय नगर निवासी डॉ. विनय गौतम की बेटी की शादी का कार्यक्रम ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा चौगानपुर स्थित गोल्डन ड्रीम फार्म हाउस में चल रहा था। गुरुवार रात जब पूरा परिवार स्टेज पर जयमाला और फोटो सेशन के जश्न में डूबा हुआ था, तभी मेहमानों के वेश में आए चोरों ने अपना काम कर दिया। दुल्हन की मां डॉ. कुसुम गौतम के पास गहनों और नकदी से भरा बैग था। रात करीब 12 बजे जब वह परिचितों से बात कर रही थीं, तब उन्होंने बैग पास की एक मेज पर रख दिया था। कुछ ही देर बाद जब उन्होंने देखा तो वहां से बैग गायब था।

बैग में थे 50 लाख के गहने और नकदी

परिजनों के मुताबिक, गायब हुए बैग में लाखों रुपये की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी। कुल मिलाकर चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी में कैद हुए ‘हाईप्रोफाइल’ चोर

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक सूट-बूट पहनकर बिल्कुल मेहमानों की तरह घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो मौका पाकर बैग उठाकर हॉल से बाहर निकलते नजर आए। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस का मानना है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जो शादियों में रेकी कर ऐसी वारदातों को अंजाम देता है। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *