बादलपुर (गौतमबुद्धनगर) | भारतीय टॉक न्यूज़: जनपद के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी से 15 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के वापस न लौटने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।
5 मार्च से है लापता
जानकारी के अनुसार, बादलपुर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक परिवार किराए पर रहता है। परिवार की 15 वर्षीय बेटी बीते 5 मार्च की शाम को बिना बताए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
बादलपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय इंटेलिजेंस की मदद से किशोरी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

