Greater Noida: कलियुगी पिता की हैवानियत, 6 साल की सौतेली बेटी से दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर की हत्या; सूरजपुर पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

सूरजपुर में सौतेले पिता ने 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद की हत्या। गुपचुप अंतिम संस्कार की कोशिश नाकाम, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
Greater Noida: कलियुगी पिता की हैवानियत, 6 साल की सौतेली बेटी से दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर की हत्या; सूरजपुर पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

सूरजपुर (गौतमबुद्धनगर) | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सौतेले पिता ने अपनी ही 6 वर्षीय मासूम बेटी को हवस का शिकार बनाया और राज खुलने के डर से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने साक्ष्यों को मिटाने के लिए चुपके से बच्ची का अंतिम संस्कार करने की भी कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों की सजगता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

घर में अकेला पाकर मासूम को बनाया शिकार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से शाहजहांपुर का रहने वाला आरेन्द्र सूरजपुर के एक गांव में अपनी दूसरी पत्नी और दो सौतेली बेटियों के साथ किराए पर रहकर एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। रविवार को जब घर में कोई नहीं था, तब आरोपी ने अपनी 6 साल की सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की चीखें बाहर न जाएं और कोई सबूत न बचे, इसलिए दरिंदे ने गला घोंटकर उसकी जान ले ली।

हत्या के बाद आरोपी आरेन्द्र ने बड़ी ही चालाकी से बच्ची के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी थी। वह बिना किसी को बताए शव को ठिकाने लगाना चाहता था, लेकिन पास में रहने वाले पड़ोसियों को उसकी गतिविधियों पर शक हो गया। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना सूरजपुर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जब पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, तो रिपोर्ट में दरिंदगी और गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस की कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट और हत्या का मुकदमा

घटना के बाद मृतका की मां ने अपने ही पति के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी आरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *