गौतमबुद्ध नगर | भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक किरायेदार ने बकाया किराये और दुकान खाली करने की रंजिश में दुकान मालिक की संपत्ति को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित हरि सिंह निवासी ग्राम गुरजा डेरिन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नॉलेज पार्क पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिरुद्ध चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
4.70 लाख का बकाया और रंजिशन आगजनी
पीड़ित हरि सिंह के अनुसार, आरोपी अनिरुद्ध चौधरी पिछले 4 वर्षों से उनकी चार दुकानों में किराये पर था। उस पर बिजली बिल और किराये के करीब 4.70 लाख बिजली बिल और चार लाख रुपये किराया बकाया थे। जनवरी 2026 में दुकानें खाली करने के बाद जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। 10 मार्च 2026 की रात करीब 02:30 बजे आरोपी व उसका भाई व 3-4 अन्य व्यक्तियों ने मिलकर जवळनशील प्रदार्थ डालकर रंजिश के तहत दुकानों में आग लगा दी। आग इतनी विकराल थी कि वह पीड़ित के घर तक पहुँच गई, जिसे दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद बुझाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी सलाखों के पीछे
पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो साक्ष्य और तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अनिरुद्ध चौधरी को दबोच लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आगजनी, धमकी और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज था, जिसके तहत उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और अन्य व्यक्तियों खिलाफ करवाई चालू है।

