नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने सेक्टर-168 स्थित लेबर चौक पर हुई मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को छपरौली कट के पास से दबोचा है।
लेबर चौक पर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने थाना एक्सप्रेस-वे पर तहरीर देकर बताया था कि बीते 23 मार्च 2026 की रात ग्राम छपरौली (सेक्टर-168) स्थित लेबर चौक पर कुछ युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 47/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने बुधवार (25 मार्च) को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने छपरौली कट के पास से मारपीट में शामिल तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
🔸 साहिल कुमार: निवासी ग्राम छपरौली, सेक्टर-168, नोएडा।
🔸 राजीव: निवासी ग्राम मोहियापुर, थाना नॉलेज पार्क।
🔸 कुनाल: निवासी ग्राम मोहियापुर, थाना नॉलेज पार्क।
कानूनी प्रक्रिया जारी
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 351(2) और 352 के तहत विधिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। पुलिस अब मामले में संलिप्त अन्य अज्ञात लोगों की पहचान करने में जुटी है।

