ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़: जनपद गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार को तहसील सदर के ग्राम घंघोला स्थित शिव साईं एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस वितरण प्रणाली और गोदाम की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसी प्रबंधन को जमकर फटकार लगाई।

स्टॉक रजिस्टर और सीसीटीवी की हुई गहन जांच
जिलाधिकारी ने अचानक गैस एजेंसी पहुंचकर वहां उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया। उन्होंने सिलेंडरों की संख्या और उनकी क्षमता की स्वयं जांच की। साथ ही, एजेंसी में संधारित किए जा रहे विभिन्न रजिस्टरों के रख-रखाव का परीक्षण किया गया। डीएम ने पाया कि गोदाम प्रभारी समय पर उपलब्ध नहीं थे और वहां अन्य व्यवस्थाएं भी मानकों के अनुरूप नहीं थीं। सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को लेकर भी जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए।
सुरक्षा में चूक: पुलिस बल की तैनाती के निर्देश
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि गैस एजेंसी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। पर्याप्त पुलिस बल न होने के कारण जिलाधिकारी ने तत्काल चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया कि सुरक्षा के मद्देनजर यहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और पूरी निगरानी रखी जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जनपद के व्यावसायिक उपभोक्ताओं को पुनः सूचित किया है कि व्यावसायिक कार्यों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अब केवल निर्धारित मात्रा का 70 प्रतिशत तक ही की जा रही है।
🔸 शर्त: यह आपूर्ति केवल उन्हीं संस्थाओं या उपभोक्ताओं को मिलेगी, जिन्होंने पीएनजी (PNG) गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया होगा।
🔸 प्रक्रिया: उपभोक्ताओं को पिछले वित्तीय वर्ष का ब्यौरा और पीएनजी आवेदन के साक्ष्य संबंधित गैस कंपनी के विक्रय अधिकारी की ईमेल आईडी पर भेजने होंगे।
महत्वपूर्ण संपर्क (ईमेल आईडी):
IOCL: Tiwarin1@indian.in
BPCL: pramodkumar001@bharatpetroleum.in
HPCL: gzbd-lpgso@hpcl.in
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी (सदर) आशुतोष गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और एजेंसी कर्मचारी उपस्थित रहे।

