ग्रेनो वेस्ट | भारतीय टॉक न्यूज़ : ग्रामीण प्रतिभाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। इसका ताजा उदाहरण पेश किया है ग्रेटर नोएडा के गांव मिलक लच्छी की रहने वाली शिरानी नागर ने सीबीएसई (CBSE) बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
दादा और पिता का नाम किया ऊंचा
शिरानी नागर, गांव के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व ब्रह्म सिंह नंबरदार उर्फ बिरमू की पोती और अमित नागर की सुपुत्री हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही परिजनों को शिरानी के 96% अंकों की जानकारी मिली, घर में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों का शिरानी के आवास पर बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है।
अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय शिरानी ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। शिरानी के पिता अमित नागर ने बताया कि वह शुरू से ही पढ़ाई में काफी मेधावी रही है और उसने बिना किसी दबाव के अपनी मेहनत और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है।
मिलक लच्छी गांव सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में शिरानी की इस सफलता की चर्चा है। लोगों का कहना है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
भारतीय टॉक न्यूज़ परिवार की ओर से शिरानी नागर और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।

