नोएडा / भारतीय टॉक न्यूज़: दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा की सड़कों पर सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर महिलाओं और लड़कियों पर पीछे से हमला करने वाले एक शातिर और सनकी अपराधी को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए इस ‘कैंचीबाज’ की पहचान अंकित वर्मा के रूप में हुई है, जो एक नामी निजी कंपनी में अच्छे पद पर काम करता है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्कूटी और एक कैंची बरामद की है।
इस गिरफ्तारी के बाद नोएडा पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इस सिरफिरे की वजह से इलाके की महिलाओं में खौफ का माहौल बनता जा रहा था।
दो महिलाओं की शिकायत पर एक्शन में आई पुलिस
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल से मिली जानकारी के मुताबिक, 22 मई 2026 को दो पीड़ित महिलाओं ने थाना सेक्टर-58 में आकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिलाओं ने बताया कि जब वे सेक्टर-55 रोड से वापस अपने घर जा रही थीं, तभी पीछे से एक स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्ति आया। उसने महिलाओं की कमर के निचले हिस्से पर किसी नुकीली और धारदार वस्तु से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया और दोनों महिलाओं का मेडिकल कराया। अज्ञात हमलावर की धरपकड़ के लिए पुलिस ने तुरंत टीमें गठित कीं।
वारदात के अगले ही दिन यानी 23 मई 2026 को सेक्टर-58 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस (CCTV फुटेज आदि) की मदद से जाल बिछाया। पुलिस टीम ने सेक्टर-55/56 के मध्य रोड से आरोपी को उस समय दबोच लिया जब वह किसी और वारदात की फिराक में था।
सनकी निकला कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव
पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया। आरोपी कोई अनपढ़ अपराधी नहीं, बल्कि पढ़ा-लिखा नौकरीपेशा युवक है।अंकित वर्मा (उम्र 26 वर्ष) ,प्रगति विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद।
प्रोफाइल: आरोपी साल 2020 से नोएडा के सेक्टर-62 स्थित एक निजी (कॉर्पोरेट) कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर तैनात है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकित वर्मा अपनी स्कूटी पर सवार होकर सुनसान रास्तों की रेकी करता था। जैसे ही उसे कोई अकेली महिला या लड़की दिखाई देती, वह पीछे से जाकर अपने पास छिपाई हुई कैंची से उनके शरीर पर वार करता था और तुरंत स्कूटी से फरार हो जाता था।
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने आरोपी अंकित वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118 (गंभीर चोट पहुंचाना या खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल करना) के तहत मु0अ0सं0 162/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कैंची को जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक और कितनी महिलाओं को अपनी सनक का शिकार बनाया है।

