जेवर | भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बनवारी बांस से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 15 वर्षीय छात्र गोपाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्र का शव शुक्रवार देर रात पड़ोसी गांव रोही के एक खाली मकान से बरामद हुआ। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए किशोर के निजी अंगों को भी काट दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुँचा, तो गुस्साए ग्रामीणों ने जेवर में साबौता कट के पास शव रखकर करीब 4 घंटे तक जाम लगाया और जमकर हंगामा किया।
21 मई से लापता था मासूम गोपाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनवारी बांस निवासी रवि भूषण उर्फ बंटी का 15 वर्षीय बेटा गोपाल आगामी 21 मई को घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने जेवर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस टीमें छात्र की तलाश में जुटी थीं, लेकिन शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि बगल के गांव रोही के एक सुनसान और खाली पड़े मकान में किशोर का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है।
परिजनों और पुलिस ने जब मौके पर पहुँचकर देखा तो वहाँ का मंजर बेहद खौफनाक था। चारों तरफ खून फैला हुआ था और गोपाल का शव सड़ने लगा था। हत्यारों ने नृशंसता पूर्वक उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं, जिससे अत्यधिक खून बह चुका था। शव को देखने से प्रतीत हो रहा था कि उसकी आंखें और जीभ बाहर आ गई थीं। इसके अलावा उसके निजी अंगों को भी बुरी तरह काटा गया था। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शव सड़क पर रख प्रदर्शन, फांसी की मांग
शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर जेवर के साबौता कट के पास जमा हो गए और हत्यारों को तुरंत फांसी देने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
तनाव बढ़ता देख जेवर के साथ-साथ रबूपुरा, दनकौर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी मौके पर तैनात कर दी गई। जेवर एसीपी सार्थक सेंगर और ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को जल्द से जल्द खुलासे का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद देर शाम पीड़ित परिवार ने छात्र का अंतिम संस्कार किया।
दोस्तों पर हत्या का शक; जांच के लिए बनीं 3 टीमें
मृतक छात्र के पिता रवि भूषण और परिजनों ने गोपाल के ही कुछ दोस्तों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया:
“परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया गया है। घटना के खुलासे के लिए एसीपी सार्थक सेंगर की निगरानी में सर्विलांस, स्वात (SWAT) और थाना पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।”
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक छात्र के कुछ करीबी दोस्तों सहित कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। घटना के दिन की मोबाइल लोकेशन और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

