रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र से दो अलग-अलग बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में गांव चांदपुर में मोबाइल टावर पर नेटवर्क ठीक करने चढ़ा एक तकनीकी कर्मचारी पैर फिसलने के कारण ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में पचोकरा गांव में मौसम बदलने के बाद एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, बिजली गिरने की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन क्षेत्र में घंटों तक दहशत का माहौल बना रहा।
चांदपुर में टावर से गिरा कर्मचारी, मौके पर तोड़ा दम
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रबूपुरा के ग्राम चांदपुर में स्थित एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर में पिछले कुछ दिनों से नेटवर्क की समस्या आ रही थी, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने कंपनी से की थी। गुरुवार शाम को समस्या को दुरुस्त करने के लिए कंपनी के दो तकनीकी कर्मचारी गांव पहुंचे थे। इनमें से एक कर्मचारी शांतन (निवासी टूंडला, फिरोजाबाद) उपकरण लेकर टावर पर ऊपर चढ़ा था।
नेटवर्क ठीक करने के दौरान अचानक किसी कारणवश शांतनु का पैर फिसल गया और वह सीधे ऊंचाई से जमीन पर आ गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि शांतनु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही रबूपुरा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अभी तक परिजनों या कंपनी की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
पचोकरा गांव में आसमानी आफत: धमाके के साथ मकान में आई दरार, बिजली उपकरण खाक
रबूपुरा क्षेत्र में ही हुई दूसरी घटना कुदरत के कहर से जुड़ी है। गुरुवार शाम को भीषण गर्मी के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गांव पचोकरा में रहने वाले भूलेराम शर्मा के मकान पर तेज धमाके और भयंकर रोशनी के साथ आकाशीय बिजली (गाज) आ गिरी। आसमानी बिजली गिरने से भूलेराम के मकान पर बने शौचालय की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पक्के मकान की दीवारों में गहरी दरारें आ गईं।
गनीमत यह रही कि आकाशीय बिजली सीधे किसी इंसान पर नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि यह आसमानी बिजली मकान की विद्युत केबल से टकराई और अर्थिंग के जरिए पूरी लाइन में दौड़ गई, जिससे भूलेराम शर्मा समेत गांव के कई अन्य ग्रामीणों के घरों में लगे महंगे टीवी, फ्रिज और पंखे जैसे विद्युत उपकरण जलकर राख हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि ग्रामीण दहशत के मारे घरों से बाहर निकल आए और पूरी रात इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। शुक्रवार सुबह से ही प्रभावित मकान को देखने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है।

