ग्रेटर नोएडा / भारतीय टॉक न्यूज़ : कासना थाना क्षेत्र के घंगोला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले ब्रेज़ा (Brezza) कार और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पीड़िता और उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
दो सगी बहनों की एक ही घर में हुई थी शादी
गाजियाबाद के टीला मोड़ (ग्राम जावली) निवासी तनिष ने कासना थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि उन्होंने अपनी दो सगी बहनों—बड़ी बहन तन्नु और छोटी बहन तनीषा की शादी 6 दिसंबर 2020 को घंगोला गांव निवासी अमित भाटी और सुमित भाटी (पुत्रगण जगन भाटी) के साथ अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज देकर की थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज का ताना देने लगे और ब्रेज़ा गाड़ी की मांग को लेकर दोनों बहनों के साथ मारपीट व मानसिक उत्पीड़न करने लगे।
“जब मेरी लाश देखोगे, तभी आओगे…”— रोते हुए फोन पर बयां किया था दर्द
शिकायत के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की शाम को मृतका तन्नु ने अपने भाई को फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुराल वाले (पति अमित, देवर सुमित और सास कृष्णा) उसके साथ जमकर मारपीट कर रहे हैं। उसने कहा था, “ये लोग मुझे जान से मार देंगे, जब मेरी लाश देखोगे तभी आओगे।”
इसके अगले ही दिन, 28 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे आरोपी जीजा अमित ने पीड़िता की चाची को फोन कर सूचना दी कि तन्नु ने ऊपर वाले कमरे में फांसी लगा ली है।
शरीर पर मिले चोट के निशान, आरोपी पति और देवर फरार
सूचना मिलते ही जब मायके पक्ष के लोग घंगोला गांव पहुंचे, तो तन्नु का शव बरामदे में जमीन पर रखा हुआ था। मृतका के गले पर फांसी के फंदे का गहरा निशान था और शरीर पर मारपीट व चोटों के निशान साफ नजर आ रहे थे। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया था। घटना के बाद से ही आरोपी पति अमित भाटी और देवर सुमित भाटी मौके से फरार हैं।
सूचना मिलने पर पहुंची कासना थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के भाई तनिष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

