गौतमबुद्धनगर: DM मेधा रूपम का बड़ा एक्शन, 3 करोड़ की सरकारी जमीन हड़पने वाली महिला लेखपाल सस्पेंड

गौतमबुद्धनगर डीएम मेधा रूपम ने फर्जीवाड़ा करने वाली महिला लेखपाल नीरज लता को सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि उसने 3 करोड़ की सरकारी जमीन अपने पति के नाम कर दी थी।

Partap Singh Nagar
2 Min Read
गौतमबुद्धनगर: DM मेधा रूपम का बड़ा एक्शन, 3 करोड़ की सरकारी जमीन हड़पने वाली महिला लेखपाल सस्पेंड

ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्धनगर)/ भारतीय टॉक न्यूज़ :  गौतमबुद्धनगर की नवागत जिलाधिकारी (DM) मेधा रूपम ने भ्रष्टाचार और सरकारी जमीन के फर्जीवाड़े पर कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने सदर तहसील में तैनात महिला लेखपाल नीरज लता को पद के दुरुपयोग और फर्जीवाड़ा करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लेखपाल पर आरोप है कि उसने बंजरपुर गांव में करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की 450 वर्ग मीटर सरकारी जमीन की घरोनी अपने पति के नाम दर्ज करा दी थी।

फर्जीवाड़े का ऐसे हुआ पर्दाफाश

मामला बंजरपुर गांव का है, जहां की 450 वर्ग मीटर सरकारी जमीन की घरोनी नियम-कायदों को ताक पर रखकर लेखपाल ने अपने पति के नाम तैयार करवाई और उसे सरकारी अभिलेखों में दर्ज करा दिया। जब स्थानीय ग्रामीणों को इस गड़बड़ी की भनक लगी, तो उन्होंने इसकी शिकायत सीधे जिला प्रशासन से की।

शिकायत मिलते ही डीएम मेधा रूपम ने मामले की जांच एसडीएम (सदर) को सौंपी। एसडीएम सदर आशुतोष द्वारा की गई प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद जिलाधिकारी ने सख्त कदम उठाते हुए लेखपाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

राजस्व विभाग में मचा हड़कंप

सस्पेंड हुई महिला लेखपाल नीरज लता पिछले करीब 6 वर्षों से गौतमबुद्धनगर जिले की सदर तहसील में तैनात थी। इतने लंबे समय से एक ही जिले में पकड़ होने के बावजूद डीएम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

एसडीएम सदर आशुतोष ने बताया कि मामला उजागर होने के बाद महिला लेखपाल के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में अगर किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *