ग्रेटर नोएडा/ भारतीय टॉक न्यूज़ : नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में एक मासूम बच्चे की गड्ढे में डूबकर हुई दर्दनाक मौत के बाद ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) हरकत में आ गया है। इस दुखद घटना से आहत प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एनजी रवि कुमार ने शहर भर में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी गड्ढे या लापरवाही की वजह से कोई हादसा होता है, तो संबंधित वर्क सर्किल की टीम के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
युद्ध स्तर पर शुरू हुआ गड्ढा मुक्त अभियान, 100 से ज्यादा स्पॉट किए गए सुरक्षित
सीईओ के कड़े निर्देशों के बाद परियोजना विभाग और जल-सीवर विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर आ गई हैं। सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक (Senior Managers) और उनकी टीमें लगातार फील्ड में घूमकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (Black Spots) को चिन्हित कर रही हैं।
प्राधिकरण की टीमों द्वारा अब तक 100 से अधिक जोखिम भरे स्थानों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं:
🔸खुले पड़े मैनहोल और सीवर लाइन के ढक्कन तुरंत बंद किए जा रहे हैं।
🔸सड़कों के किनारे खुली नालियों (Open Drains) को ढकने का काम तेजी से जारी है।
🔸 हादसों की आशंका वाली जगहों, शार्प यू-टर्न और सड़कों के गड्ढों के पास तुरंत बैरिकेडिंग लगाई जा रही है।
🔸क्षतिग्रस्त सड़कों और पैचवर्क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।
जब तक सभी जगह सुरक्षित न हों, जारी रहेगा अभियान: ACEO
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) सुमित यादव ने बताया कि शहरवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जब तक शहर के हर एक वर्क सर्किल क्षेत्र में हादसा संभावित स्थानों को पूरी तरह चिन्हित कर सुरक्षित नहीं बना लिया जाता, तब तक यह विशेष अभियान रुकने वाला नहीं है। उन्होंने सभी वर्क सर्किल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे रोज अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करें और सुरक्षा मानकों की खुद निगरानी करें।

