ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: जिम में वर्कआउट के बाद 20 साल के युवक की मौत, नाले के पास अचानक गिरा; परिवार का इकलौता सहारा था शरद

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख में जिम से वर्कआउट कर निकलते ही 20 साल के शरद कुमार की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। शरद गौर सिटी मॉल में सैलून मैनेजर था और अपने परिवार का इकलौता सहारा था।

Partap Singh Nagar
5 Min Read
ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: जिम में वर्कआउट के बाद 20 साल के युवक की मौत, नाले के पास अचानक गिरा; परिवार का इकलौता सहारा था शरद

ग्रेटर नोएडा वेस्ट / भारतीय टॉक न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवक की जिम में एक्सरसाइज करने के तुरंत बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वर्कआउट खत्म कर जैसे ही युवक जिम से बाहर निकला, वह अचानक बेहोश होकर नाले की दीवार के पास गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक (Silent Heart Attack) मानी जा रही है।

रोजाना की तरह गया था जिम, बाहर निकलते ही थमी सांसें

मृतक की पहचान 20 वर्षीय शरद कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुलंदशहर जिले का रहने वाला था। शरद फिलहाल बिसरख गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहा था और पिछले 3 महीने से गाँव की ही एक जिम में नियमित रूप से एक्सरसाइज कर रहा था।

शनिवार सुबह भी वह रोजाना की तरह वर्कआउट करने जिम गया था। सुबह करीब 11:30 बजे जब वह अपनी एक्सरसाइज पूरी करके जिम की बिल्डिंग से बाहर निकला, तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह संभल पाता, इससे पहले ही वह पास में बने नाले की दीवार के पास जमीन पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ हालत नाजुक होने पर उसे ग्रेटर नोएडा के ‘जिम्स’ (GIMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान शरद ने दम तोड़ दिया।

शरद की अचानक हुई इस मौत ने उसके दोस्तों और परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। शरद के दोस्त अंकित कुमार ने बताया कि शरद बेहद मेहनती लड़का था। वह ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी मॉल स्थित एक नामचीन हेयर सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

शरद के पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। वह अपनी माँ और छोटी बहन का इकलौता सहारा था। पूरे घर की आर्थिक जिम्मेदारी शरद के ही कंधों पर थी। इस हादसे की खबर मिलते ही माँ और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गाँव में मातम पसरा है।

सूचना मिलते ही बिसरख कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

चिंता का विषय: युवाओं में क्यों बढ़ रहे हैं हार्ट अटैक के मामले?

इस दुखद घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों पर बहस छेड़ दी है। ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) के निदेशक ब्रिगेडियर डॉक्टर आर.के. गुप्ता ने इस बढ़ते खतरे पर गहरी चिंता जताई है।

डॉक्टरों के अनुसार, युवाओं में दिल से जुड़ी बीमारियों और अचानक आने वाले हार्ट अटैक के पीछे मुख्य रूप से निम्नलिखित कारण जिम्मेदार हो रहे हैं:

🔸 ख़राब खान-पान और लाइफस्टाइल : बदलती जीवनशैली, जंक फूड और अनियमित दिनचर्या ब्लड सेल्स (रक्त वाहिकाओं) को भारी नुकसान पहुँचा रही है।

🔸सिडेंटरी वर्क कल्चर :  लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठकर काम करना और शारीरिक गतिविधियों की कमी शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ा देती है।

🔸जेनेटिक (अनुवांशिक) कारण :  कई मामलों में परिवार में पहले से दिल की बीमारी का इतिहास होना भी युवाओं के लिए जोखिम बढ़ा देता है। |

🔸अचानक भारी वर्कआउट का दबाव : बिना डॉक्टरी सलाह या बिना वार्मअप के अचानक दिल पर अत्यधिक दबाव डालना भी खतरनाक साबित हो सकता है।

डॉक्टरों की सलाह: युवाओं को भारी वर्कआउट शुरू करने से पहले अपनी बॉडी प्रोफाइल और कोलेस्ट्रॉल की जांच जरूर करानी चाहिए, साथ ही शरीर में किसी भी तरह की बेचैनी या सीने में भारीपन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *