दादरी: घरेलू कलह से परेशान सीआईएसएफ जवान ने ड्यूटी पर खुद को मारी गोली, मौत

Dadri: Troubled by domestic discord, CISF jawan shot himself on duty and died

Partap Singh Nagar
3 Min Read
दादरी: घरेलू कलह से परेशान सीआईएसएफ जवान ने ड्यूटी पर खुद को मारी गोली, मौत

Greater Noida News/भारतीय टॉक न्यूज़:  गौतम बुद्ध नगर के दादरी स्थित एनटीपीसी प्लांट में तैनात एक सीआईएसएफ जवान ने सोमवार को अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण लगातार हो रहे घरेलू झगड़ों को बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान 28 वर्षीय दीपांकर बाहरा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से असम के रहने वाले थे। वह एनटीपीसी टाउनशिप में अपने परिवार के साथ रहते थे, जिसमें उनकी पत्नी और एक बच्चा शामिल हैं। दीपांकर सीआईएसएफ में सिपाही के पद पर कार्यरत थे।

ड्यूटी पर उठाया खौफनाक कदम

दीपांकर बाहरा सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर से ड्यूटी के लिए एनटीपीसी प्लांट रवाना हुए थे। उनकी तैनाती प्लांट के रेलवे यार्ड गेट नंबर तीन पर थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद, लगभग ढाई बजे, उन्होंने ड्यूटी पॉइंट पर बने बाथरूम में जाकर खुद को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी सरकारी राइफल को गले से सटाकर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप

गोली की तेज आवाज सुनकर पास में मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मी तुरंत बाथरूम की ओर भागे। दरवाजा तोड़कर अंदर देखने पर वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इस दुखद घटना की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी। जारचा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक सप्ताह से चल रहा था विवाद

जारचा कोतवाली के प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि जवान दीपांकर का अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब एक सप्ताह से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच खाने को लेकर बहस हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि रोज-रोज के इन्हीं पारिवारिक झगड़ों से तंग आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस परिवार के सदस्यों और सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *