भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क) / ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर के थाना बादलपुर क्षेत्र में हुई चोरी की सिलसिलेवार वारदातों का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो बेहद शातिर चोरों को धर दबोचा है। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 250 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने, सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को महामाया एन्क्लेव के पास से गिरफ्तार किया।
पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने विभिन्न चोरियों से संबंधित कुल 1,28,500 रुपये कैश, 40.74 ग्राम सोने की दो गिट्टियां और वारदात में प्रयुक्त एक बाइक (DL5SDR8940) बरामद की है।
सादोपुर झाल की पशुचारा दुकान से हुई थी शुरुआत
घटनाक्रम की शुरुआत 27 जुलाई 2026 को हुई थी, जब पीड़ित ने थाना बादलपुर पर शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम सादोपुर की झाल स्थित उनकी पशुचारा की दुकान के गल्ले से अज्ञात चोरों ने नकदी पार कर दी है। मामला दर्ज कर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने जब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और पुराने आपराधिक तंत्र को खंगाला, तो दो रिश्तेदारों पर शक की सुई अटकी। 17 अगस्त 2026 को सटीक सूचना पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।


रिश्तेदार हैं आरोपी, समरसेबल व सिलाई की आड़ में करते थे चोरी
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
🔸 गुलफाम (उम्र 26 वर्ष): मूल निवासी अलीगढ़ (हाल निवासी लोनी, गाजियाबाद)। यह समरसेबल लगाने का काम करता है।
🔸फरमान (उम्र 21 वर्ष): मूल निवासी आगरा (हाल निवासी भजनपुरा, दिल्ली)। यह सिलाई का काम करता है।
दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि करीब एक महीने पहले उन्होंने सादोपुर झाल स्थित पशुचारा दुकान का गल्ला साफ किया था। इसके अलावा उन्होंने सहारा सिटी के एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर गहने और नकदी चुराई थी। आभूषणों को गलाकर ही उन्होंने सोने की गिट्टियां तैयार करवाई थीं। इतना ही नहीं, दोनों ने एयरफोर्स स्टेशन के सामने खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर बैग भी उड़ाया था।
मथुरा के हिस्ट्रीशीटर हैं दोनों, दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ जिला मथुरा और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मामले पंजीकृत हैं:
🔸अभियुक्त फरमान: इसके खिलाफ मथुरा के हाईवे, फरह, जैत, सुरीर और जमुनापार थानों में लूट, डकैती, जानलेवा हमले (307) और गैंगस्टर एक्ट (UP Gangster Act) सहित कुल 23 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
🔸अभियुक्त गुलफाम: इसके खिलाफ लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और चोरी के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने गुलफाम के कब्जे से ₹66,000 कैश, 20.740 ग्राम सोने की गिट्टी व बाइक बरामद की है, जबकि फरमान से ₹62,500 कैश व 20 ग्राम सोने की गिट्टी मिली है। बादलपुर पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल उनके एक अन्य फरार साथी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

