Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ बादलपुर थाना क्षेत्र के अच्छेजा-छपरौला गांव स्थित रॉयल सिटी सोसाइटी में पड़ोसी युवकों ने 50 वर्षीय जीवन किशोर की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से फर्रुखाबाद के कायमगंज निवासी जीवन किशोर इस सोसाइटी में रह रहे थे, जहाँ गुरुवार देर शाम पड़ोसियों से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से लहूलुहान हुए जीवन किशोर को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया है और तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर इस हत्याकांड में उनके पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है, जो वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। बादलपुर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल हत्या की सटीक वजह का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

