भारतीय टॉक न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट) / ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र अंतर्गत यूसुफपुर चक गांव के पास शनिवार शाम हिंडन नदी में एक बड़ा हादसा हो गया। नदी में नाव के सुरक्षित संचालन के लिए रस्सी बांधने उतरा 19 वर्षीय युवक तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगा। उसे छटपटाता देख किनारे पर मौजूद उसका साथी भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों युवक तेज धारा में बह गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्टीमर व गोताखोरों की मदद से देर रात तक बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
बुलंदशहर के रहने वाले थे दोनों मासूम, 500 रुपये के लालच में हुआ हादसा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डूबे युवकों की पहचान शिव राजपूत (19 वर्ष) पुत्र नरेंद्र, निवासी गांव हाजीपुर (थाना स्याना, बुलंदशहर) और सौरव (20 वर्ष) पुत्र निरंजन, निवासी गांव बिजलीपुर (थाना खुर्जा, बुलंदशहर) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में यूसुफपुर चक में किराए का मकान लेकर परिवार के साथ रहते थे और दिहाड़ी मजदूरी करते थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बहलोलपुर और यूसुफपुर चक के बीच हिंडन नदी में कुछ लोग अवैध रूप से नाव चलाकर यात्रियों को 10 रुपये लेकर एक किनारे से दूसरे किनारे पहुंचाते हैं। शनिवार शाम करीब 5 बजे नाव संचालक ने 500 रुपये का लालच देकर एक युवक को नदी के दूसरे छोर पर खूंटे से रस्सी बांधने के लिए भेजा था। जैसे ही वह गहरे पानी में उतरा, संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा और उसे बचाने के चक्कर में दूसरा साथी भी जिंदगी की जंग हार गया।
पुलिस कमिश्नरेट और रेस्क्यू टीमों का ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना पर उच्चाधिकारी और एसीपी सेंट्रल नोएडा कमलेश कांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी कमलेश कांत ने बताया, “शनिवार, 5 सितंबर 2026 को बिसरख पुलिस को दो युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। तत्काल प्रभाव से NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमों को लगाकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। युवकों की तलाश के लिए गोताखोर लगातार प्रयास कर रहे हैं और मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

