भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क) / ग्रेटर नोएडा/नोएडा: ग्रेटर नोएडा में जमीन और करोड़ों रुपये की हेराफेरी का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के रिटायर्ड जनरल मैनेजर (GM) रविंद्र तोंगड़ और उनकी पत्नी कुशल सिंह समेत 14 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर करने के आरोप में सेक्टर-20 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई इस एफआईआर (FIR) से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
72 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटन से शुरू हुआ था विवाद
शिकायतकर्ता कंपनी ‘गायत्री हॉस्पिटेलिटी एंड रियलकॉन लिमिटेड’ के अधिकृत प्रतिनिधि अवि सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार:
🔸 ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने ग्रेनो वेस्ट में कंपनी को GH-11 प्लॉट के लिए 72 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित की थी।
🔸 फरवरी 2011 में इसकी लीज डीड पूरी हुई और प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ।
🔸 वर्ष 2013 में प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए 20 हजार वर्गमीटर जमीन बेचने की सहमति बनी।
🔸आरोप है कि अथॉरिटी के तत्कालीन जीएम रविंद्र तोंगड़ ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए इस 20 हजार वर्गमीटर जमीन को नियम विरुद्ध तरीके से ‘इंटाईसमेन्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम सब-लीज करा दिया।
करीबियों को फायदा पहुँचाने और 5 करोड़ के गबन का आरोप
गायत्री हॉस्पिटेलिटी का आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर करीब 34 हजार वर्गमीटर जमीन अलग-अलग कंपनियों को ट्रांसफर की गई और कागजों में फेरबदल कर जमीन व पैसों का अधिकार दूसरों को दे दिया गया।
आरोप के मुताबिक, इंटाईसमेन्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में पूर्व जीएम रविंद्र तोंगड़ के करीबी लोग निदेशक थे और उनकी पत्नी कुशल सिंह को शेयरधारक बनाया गया था। बिना तय भुगतान किए ही जमीन पर अधिकार हासिल कर लिया गया और करीब 5 करोड़ रुपये के गबन की साजिश रची गई।
राजनीतिक कनेक्शन: दादरी से टिकट मांग रही हैं आरोपी पत्नी
इस फर्जीवाड़े में नामजद आरोपी और पूर्व जीएम की पत्नी कुशल सिंह का नाम सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कुशल सिंह आगामी चुनाव को देखते हुए दादरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी (BJP) टिकट की दावेदारी कर रही हैं।
फिलहाल, सेक्टर-20 थाना पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर मामला दर्ज कर बैलेंस शीट, सब-लीज डीड और अथॉरिटी की फाइलों व दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

