भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में वित्तीय गड़बड़ी का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की साठगांठ से खाताधारकों की लगभग 35 करोड़ रुपये की रकम में हेराफेरी की गई है। घोटाले की खबर फैलते ही बैंक के बाहर पीड़ित ग्राहकों का हुजूम उमड़ पड़ा और हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएनबी क्षेत्रीय कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से शाखा प्रबंधक (Branch Manager) समेत 5 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और शाखा में नए स्टाफ की तैनाती कर दी है।
FD तोड़कर दूसरे खातों में ट्रांसफर की रकम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंककर्मियों ने कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले ही अवैध रूप से तोड़कर उस रकम को दूसरे फर्जी खातों में ट्रांसफर कर दिया।
अब तक 16 से अधिक खाताधारकों ने पुलिस प्रशासन से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, मामले की भनक लगते ही एंटी करप्शन टीम और बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ितों के छलके आंसू: किसी का 25 लाख तो किसी का 1 करोड़ गायब
घोटाले की शिकार हुए लोगों की आपबीती बेहद चौंकाने वाली है:
🔸 ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी से 25 लाख की ठगी: ऐच्छर गांव निवासी और ‘जय शिव ट्रांसपोर्ट’ के मालिक विनीत भाटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था। ब्रांच मैनेजर के कहने पर उन्होंने चेक पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन उनकी गाढ़ी कमाई किसी दूसरे फर्जी खाते में ट्रांसफर कर दी गई जो उनके नाम से मिलता-जुलता तो था, पर उनका नहीं था।
🔸 एयरपोर्ट मुआवजे का 1.29 करोड़ रुपये गायब: एक अन्य पीड़ित खाताधारक ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे के रूप में उनकी मां के खाते में 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे। उन्होंने केवल 15 लाख रुपये निकाले थे, लेकिन अब पूरे खाते का बैलेंस गायब दिखा रहा है।
बैंक का भरोसा: खातों में लौटेंगे पैसे, पुलिस जांच जारी
मामला तूल पकड़ते ही पीएनबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित ग्राहकों से मुलाकात कर उन्हें शांत कराया। बैंक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है और सभी पीड़ितों के पैसे उनके खातों में वापस ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
बीटा-2 थाना पुलिस ने शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि निलंबित कर्मचारियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

