भारतीय टॉक न्यूज़ (Noida Desk): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था और जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। चोटपुर कॉलोनी क्षेत्र में बिजली कटौती और उससे जुड़े हंगामे के मामले में लापरवाही बरतने पर थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक (SHO) अमित काकरान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही सेंट्रल जोन के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) केके वर्मा का भी पद से तबादला कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में चोटपुर कॉलोनी क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा जोरदार हंगामा किया गया था। इस मामले में पुलिस की तरफ से मुकदमा भी दर्ज किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी घटना और उसके बाद की गई जांच-पड़ताल में थाना प्रभारी की तरफ से गंभीर स्तर पर लापरवाही बरती गई थी। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुख्ता आरोपों के आधार पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। निरीक्षक अमित काकरान को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर किया गया है, वहीं supervisory level पर चूक मानते हुए सेंट्रल जोन के एसीपी केके वर्मा को भी उनके पद से हटा दिया गया है। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।
क्राइम मीटिंग में मिल सकता है कड़ा संदेश
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस कमिश्नर आज शाम एक अहम क्राइम मीटिंग भी ले सकती हैं, जिसमें जिले के अन्य लापरवाह अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का यह कड़ा कदम यह साफ संदेश देता है कि गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट क्षेत्र में जनता की शिकायतों, कानून-व्यवस्था और पुलिसिया कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व में भी वे सुस्ती और सूचना छिपाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त तेवर दिखाती रही हैं।

