ग्रेटर नोएडा (Bharatiya Talk News): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वैदपुरा गांव में बुधवार को हुई युवक दीपक नागर की सनसनीखेज हत्या के मामले में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खौफनाक कार्रवाई की है। ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने जहाँ इस हत्याकांड की साजिश में शामिल 4 आरोपियों को दबोच लिया है, वहीं गुरुवार (21 मई 2026) को हुई एक मुठभेड़ के दौरान 2 मुख्य शूटरों को पैर में गोली मारकर पस्त कर दिया है। इस मामले में अब तक कुल 6 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
डी पार्क सर्विस रोड पर मुठभेड़, दोनों तरफ से चलीं गोलियां
पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को ईकोटेक-3 थाना पुलिस को गोपनीय माध्यम (मुखबिर) से सूचना मिली कि दीपक नागर की हत्या को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपी क्षेत्र के डी पार्क सर्विस रोड के पास किसी का इंतजार कर रहे हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को सरेंडर करने को कहा। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और वे मोटरसाइकिल सहित वहीं ढेर हो गए।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान वैदपुरा गांव के ही रहने वाले दो मुख्य आरोपियों के रूप में हुई है:
1. हर्ष उर्फ राधे पुत्र कल्लू (निवासी ग्राम वैदपुरा)
2. जगत सिंह पुत्र छिद्दा (निवासी ग्राम वैदपुरा)
दोनों घायल आरोपियों को पुलिस कस्टडी में तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे (.315 बोर), 02 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल पुलिस पर फायरिंग में किया गया था।

हत्या और षड्यंत्र में शामिल 4 आरोपी पहले ही दबोचे गए
इससे पहले, बुधवार (20 मई) की रात को जब वैदपुरा के बाहर दीपक नागर को गोली मारी गई थी, तो पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आला अधिकारियों और फॉरेंसिक टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। डॉक्टरों द्वारा दीपक को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए 05 विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए हत्या की इस पूरी साजिश और घटना में शामिल 4 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनके नाम हैं: नवीन , अभी उर्फ अभय , आकाश , मोगली उर्फ पवन
24 घंटे में केस का सफल अनावरण
वैदपुरा गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव था, लेकिन ईकोटेक-3 पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 4 साजिशकर्ताओं को जेल भेजकर और 2 मुख्य शूटरों को एनकाउंटर में हाफ-हाफ (घायल) करके पूरे मामले का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों के खिलाफ आगे की कड़ी विधिक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

