भारतीय टॉक न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट) / ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के ग्राम इमलियाका में किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा द्वारा एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता बाबा भुक्कड़ ने की, जबकि मंच का संचालन मास्टर दिनेश नागर द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस सम्मेलन के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए ग्राम इमलियाका के निवासी अंकुर नागर को किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा का नया जिला महासचिव (गौतमबुद्ध नगर) नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे किसान नेताओं ने जिले के किसानों और मजदूरों के अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए आर-पार की लड़ाई लड़ने की हुंकार भरी।

10% आबादी प्लॉट, नया अधिग्रहण कानून और बैकलीज निस्तारण मुख्य मांग
सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विकास प्रधान ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग रखी कि:
🔸जिले में नया भूमि अधिग्रहण कानून पूर्ण रूप से लागू किया जाए।
🔸किसानों को उनकी अधिग्रहित जमीन के बदले 10 प्रतिशत विकसित भूखंड दिया जाए।
🔸बैकलीज से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण किया जाए।
वहीं, राष्ट्रीय संरक्षक विनय तालान ने मांग की कि जिन किसानों की जमीन प्राधिकरणों द्वारा अधिग्रहित की गई है, उन्हें किसान आईडी (ID) के आधार पर सभी लोकल टोल टैक्स में पूर्ण छूट दी जानी चाहिए।
स्थानीय युवाओं के लिए कंपनियों में रोजगार का कोटा तय हो
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजेश भाटी ने स्थानीय युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर जिले में स्थापित सभी औद्योगिक संस्थानों, फैक्ट्रियों और प्राइवेट कंपनियों में स्थानीय किसानों के बच्चों के लिए रोजगार का एक निश्चित कोटा निर्धारित किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लोकेश भाटी एवं प्रदेश महासचिव राजकुमार रूपवास ने संयुक्त रूप से कहा कि:
🔸जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में किसानों के बच्चों के प्रवेश (Admission) और कम फीस के लिए विशेष कोटा तय किया जाए।
🔸 क्षेत्र के सभी निजी एवं सरकारी चिकित्सा संस्थानों और अस्पतालों में किसानों के इलाज के लिए 50 प्रतिशत की छूट का प्रावधान हो।
कलेक्ट्रेट पर होगा विशाल आंदोलन; किसान नेताओं की मौजूदगी
संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने हुंकार भरते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसानों की इन जायज मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट का घेराव कर एक ऐतिहासिक और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस सम्मेलन के दौरान योगेंद्र मावी, विनोद मलिक, संजय कसाना, मनीष नागर, भारत नागर, आशु अट्टा, रवि नागर, पुनीत नागर, यतेंद्र नागर, जगत बीडीसी, सत्ते नागर, श्यामवीर भाटी, राजेंद्र भाटी, बंटी, उदयवीर मलिक, श्याम देव, प्रमोद मलिक, मनोज, राम सिंह नागर, सुमित, गौरव, भूपेंद्र शर्मा और शंटी सहित भारी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

