नोएडा: शादी के एक महीने बाद 16वीं मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत; मायके वालों ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

नोएडा सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में 16वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय कामिनी की मौत। 11 जुलाई को ही हुई थी शादी। मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
नोएडा: शादी के एक महीने बाद 16वीं मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत; मायके वालों ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क)/ नोएडा: दिल्ली से सटे हाई-टेक शहर नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज (Divine Meadows) हाईराइज सोसाइटी में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ 16वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

आनंद-फानन में गंभीर रूप से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान कामिनी कुमारी (24) के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक महीने पहले हुई थी।

11 जुलाई को बंधे थे परिणय सूत्र में

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एटा की रहने वाली कामिनी की शादी 11 जुलाई को देहरादून निवासी मंथन धीमान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज सोसाइटी स्थित ‘लिली टावर’ (Lily Tower) की 16वीं मंजिल पर एक किराए के फ्लैट में रह रहे थे।

रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी अचानक 16वीं मंजिल से नीचे आ गिरी। तेज आवाज सुनकर नीचे मौजूद लोग दौड़े, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचित किया गया।

नौकरी छोड़ने और डिप्रेशन के दावों पर सवाल

पूछताछ के दौरान सामने आया कि कामिनी पहले एक बीपीओ (BPO) कंपनी में कार्यरत थी, लेकिन कुछ समय पूर्व ही उसने अपनी नौकरी छोड़ दी थी। वहीं, उसका पति मंथन धीमान एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।

पति मंथन ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि कामिनी पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) का शिकार थी और उसका इलाज चल रहा था। हालाँकि, जब पुलिस ने इलाज से जुड़े मेडिकल पर्चे या दस्तावेज माँगे, तो वह मौके पर कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका, जिससे मामले में संदेह गहरा गया है।

मायके पक्ष का गंभीर आरोप: “दहेज के लिए प्रताड़ित कर मार डाला”

बिटिया की मौत की खबर मिलते ही कामिनी के मायके वाले एटा से नोएडा पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कामिनी के पति मंथन पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का संगीन आरोप लगाया है। मायके वालों का कहना है कि शादी के महज एक महीने के भीतर इस तरह की घटना होना स्वाभाविक नहीं है और परिस्थितियों को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का आधिकारिक बयान: “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — प्रवीन सिंह, एसीपी (Noida Police)

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *