भारतीय टॉक न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट) / ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 92वीं बोर्ड बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, निवेश संवर्धन और जनहित से जुड़े कई ऐतिहासिक फैसलों पर मुहर लगाई गई। बैठक में जानकारी दी गई कि प्राधिकरण के राजस्व में रिकॉर्ड 90.25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो मुख्य रूप से औद्योगिक व मिक्स लैंड योजनाओं के चलते संभव हुआ। इसके साथ ही यीडा क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति लाने के लिए सेक्टर-06 में 300 एकड़ पर ‘ताइवान सिटी’ और 100 से 125 एकड़ में फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए जमीन चिन्हित की है। इसके तहत सेक्टर-13 और 14 में 500 एकड़ में विशाल मेडिकल हब, सेक्टर-14 में 480 एकड़ पर यूनिवर्सिटी टाउनशिप, सेक्टर-34 में 36 एकड़ में आधुनिक मंडी और सेक्टर-23डी में 50 एकड़ पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण होगा। वहीं, एयरपोर्ट के यात्रियों और उद्यमियों की सहूलियत के लिए सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT) बनाया जाएगा। इसके अलावा मेडिकल डिवाइस पार्क में अंतरराष्ट्रीय स्तर की टेस्टिंग लैब (FDA standards) स्थापित करने हेतु एक्सपर्ट कमेटी के गठन को भी हरी झंडी दी गई।
प्राधिकरण ने क्षेत्र के किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए आपसी सहमति से ली जाने वाली जमीन की क्रय दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब किसानों को जमीन की वर्तमान दर 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर से 6 प्रतिशत बढ़ाकर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर मिलेगी या फिर वे दूसरे विकल्प के तहत 4,037 रुपये प्रति वर्ग मीटर के साथ 7 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड चुन सकेंगे। इसके साथ ही, मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर करबन नदी के ऊपर माइनर ब्रिज के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

