नोएडा/जेवर / भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के ऐतिहासिक उद्घाटन की घड़ियाँ करीब आ गई हैं। 28 मार्च को होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिरकत करेंगे। लेकिन इस महा-आयोजन से पहले जिले की सियासत और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह गरमा गई है।
नेताओं के घर पुलिस का ‘डेरा’
विश्वस्त सूत्रों और स्थानीय खबरों के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने किसी भी संभावित विरोध प्रदर्शन या ‘पंगे’ को रोकने के लिए जिले के समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य विपक्षी दलों के दिग्गज नेताओं की घेराबंदी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कई नेताओं के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उद्घाटन समारोह के दौरान कोई भी संगठन या राजनीतिक दल काले झंडे न दिखा सके या नारेबाजी न कर सके।
सूत्रों के हवाले से पुलिस विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि एलआईयू (LIU) की रिपोर्ट के आधार पर उन नेताओं की सूची तैयार की गई है, जो पूर्व में आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं। इन नेताओं के साथ ‘साये’ की तरह पुलिसकर्मी लगा दिए गए हैं ताकि उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि उद्घाटन स्थल की ओर किसी भी अवांछित मार्च या भीड़ को बढ़ने न दिया जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह सुरक्षा व्यवस्था केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित करने के लिए है। हालांकि, विपक्षी खेमे में इसे लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने से रोकने के लिए पुलिस का डर दिखाया जा रहा है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि 28 मार्च के कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरा जिला छावनी में तब्दील हो चुका है और सबकी निगाहें जेवर की इस ऐतिहासिक उड़ान पर टिकी हैं।
यह खबर भी पढ़ें 👉: नोएडा एयरपोर्ट: अभेद्य किले में तब्दील हुआ पीएम मोदी का जनसभा स्थल; आज से SPG के हवाले कमान, चप्पे-चप्पे पर स्नाइपर्स की नजर

