जारचा: गाली-गलौज और मारपीट से तंग आकर नौकर ने की मालिक की हत्या; जारचा पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा

जारचा पुलिस ने 24 घंटे में प्रशांत सिंह हत्याकांड का खुलासा किया। गाली-गलौज से तंग आकर नौकर यशवीर ने लोहे की रॉड से सिर कुचलकर की थी हत्या। 2 गिरफ्तार।

Partap Singh Nagar
2 Min Read
जारचा: गाली-गलौज और मारपीट से तंग आकर नौकर ने की मालिक की हत्या; जारचा पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा

ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद के थाना जारचा क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी मुख्य अभियुक्त और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

शराब के नशे में गाली-गलौज बनी मौत का कारण

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी यशवीर उर्फ सूखा पूर्व में मृतक प्रशांत सिंह के यहां लगभग दो महीने तक घरेलू काम करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रशांत सिंह अक्सर शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था, जिससे वह बेहद क्षुब्ध रहता था। 27/28 मार्च की रात को भी प्रशांत सिंह ने अत्यधिक शराब का सेवन करने के बाद यशवीर के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की। इस बात से आक्रोशित होकर यशवीर ने घर में रखी लोहे की पाइप (रॉड) से प्रशांत के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद सह-अभियुक्त हरदम को पूरी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को इसकी सूचना देने के बजाय सच को छुपाया और मुख्य आरोपी का सहयोग किया। जारचा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में यशवीर उर्फ सूखा (24 वर्ष) और हरदम (45 वर्ष) शामिल हैं। दोनों मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं।

आलाकत्ल बरामद, कानूनी कार्रवाई जारी

थाना जारचा पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड/पाइप और चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *