दादरी | भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्ध नगर जनपद के दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तुलसी विहार कॉलोनी में पुलिस और आपूर्ति विभाग (Supply Department) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग के काले धंधे का पर्दाफाश किया है। टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में घरेलू और छोटे अवैध सिलेंडर बरामद किए हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्र में चल रहे इस खतरनाक खेल से कभी भी कोई बड़ा हादसा या ब्लास्ट हो सकता था।
तुलसी विहार कॉलोनी में पुलिस और पूर्ति विभाग का छापा
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि विभाग को नत्थू चौक, तुलसी विहार स्थित एक मकान में अवैध रिफिलिंग की पुख्ता सूचना मिली थी। 4 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 5 बजे जब टीम ने विनय कुमार के मकान पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। आरोपी बड़ी ही बेखौफ तरीके से घरेलू सिलेंडरों से छोटे नॉन-आईएसआई सिलेंडरों में गैस भर रहा था।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से कुल 15 सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:
🔸भारत पेट्रोलियम (BPCL): 2 भरे हुए और 2 खाली घरेलू सिलेंडर।
🔸 इंडेन (IOCL): 6 खाली घरेलू सिलेंडर।
🔸 एचपीसीएल (HPCL): 3 खाली घरेलू सिलेंडर।
🔸नॉन-आईएसआई: 1 छोटा 5 किलो वाला सिलेंडर।
🔸 उपकरण: इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, रिफिलिंग नोजल मशीन, रबर पाइप और रेगुलेटर।

आर्थिक लाभ के लिए लोगों की जान से खिलवाड़
जांच में सामने आया है कि आरोपी विनय कुमार (मूल निवासी एटा, वर्तमान पता दादरी) घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग कर उन्हें छोटे सिलेंडरों में भरकर ऊंचे दामों पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से न केवल एलपीजी की किल्लत पैदा होती है, बल्कि रिहायशी इलाके में गैस रिफिलिंग के दौरान आग लगने या सिलेंडर ब्लास्ट होने का गंभीर खतरा बना रहता है।
पुलिस ने आरोपी विनय कुमार पुत्र सूरजपाल के खिलाफ थाना दादरी में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। आपूर्ति विभाग की टीम ने चेतावनी दी है कि एलपीजी के दुरुपयोग और ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

