नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : नोएडा के चर्चित ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक सतेंद्र भसीन उर्फ मोंटू भसीन को बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद सूरजपुर स्थित सीजेएम कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वर्ष 2015 में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में की गई है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने 2 अप्रैल 2026 को भसीन की जमानत रद्द करते हुए उन्हें एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।
निर्धारित समय सीमा और 8 अप्रैल को समय बढ़ाने की याचिका खारिज होने के बावजूद आत्मसमर्पण न करने पर पुलिस ने यह कदम उठाया है। अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपी ने कई एफआईआर की जानकारी छिपाई और कानूनी उपायों के जरिए मामले को लंबा खींचने का प्रयास किया, जबकि निवेशकों ने उन पर फंड डायवर्जन और आवंटन में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
हालांकि, बचाव पक्ष के अधिवक्ता अमित चौहान ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए तर्क दिया कि मामला 10 वर्ष पुराना है और सभी चार्जशीट दाखिल हो चुकी हैं, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मोंटू भसीन को जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया।

