दादरी मोनिका नागर हत्याकांड: 4 दिन बाद भी कातिल पुलिस की पहुंच से दूर, करोड़ों की संपत्ति के लिए ली गई जान!

दादरी के घोड़ी बछेड़ा गांव में हुई मोनिका नागर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अब भी फरार। संपत्ति विवाद और प्रेम विवाह के बाद हत्या का आरोप। पुलिस की 6 जिलों में छापेमारी।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
दादरी मोनिका नागर हत्याकांड: 4 दिन बाद भी कातिल पुलिस की पहुंच से दूर, करोड़ों की संपत्ति के लिए ली गई जान!

दादरी (भारतीय टॉक न्यूज़): उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव में हुई विवाहिता मोनिका नागर की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पति अनुज चौहान और उसके परिजन फरार हैं। पुलिस की टीमें अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में खाक छान रही हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है।

करोड़ों की संपत्ति और खूनी साजिश

पुलिस की शुरुआती जांच और मृतका के परिजनों के बयानों से साफ है कि यह हत्या संपत्ति विवाद का परिणाम है। जानकारी के अनुसार, बरौला निवासी मोनिका नागर ने वर्ष 2019 में घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान से प्रेम विवाह किया था।

मोनिका के पिता की मृत्यु के बाद बरौला और दुजाना गांव की करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन मोनिका और उसकी मां रेनू नागर के नाम ट्रांसफर हो गई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग इस संपत्ति को बेचने और पैसा हड़पने के लिए मोनिका पर दबाव बना रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि 7 मई की दोपहर को घर के भीतर मोनिका के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जुर्म छुपाने के लिए आरोपियों ने कानून की परवाह किए बिना शव को आनन-फानन में श्मशान घाट पहुंचा दिया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी। गनीमत रही कि मायके पक्ष के लोग समय पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चिता से अधजले शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिससे इस जघन्य अपराध का खुलासा हुआ।

मृतका की मां रेनू नागर ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि जब वह बेटी की मौत की खबर सुनकर गांव पहुंचीं, तो आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने और उन्हें रास्ते से हटाने के लिए उन पर फॉर्च्यूनर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। रेनू नागर बाल-बाल बचीं, लेकिन आरोपियों की इस हरकत ने उनकी मंशा को साफ कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई: 6 जिलों में दबिश

ग्रेटर नोएडा की एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने अब तक निम्नलिखित कदम उठाए हैं:

गिरफ्तारी: सोमवार को रामगढ़ फाटक के पास से ‘करन’ नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

फरार आरोपी : मुख्य आरोपी अनुज चौहान समेत परिवार के अन्य सदस्य घर पर ताला लगाकर फरार हैं।

छापेमारी:पुलिस गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 6 जिलों में लगातार दबिश दे रही है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *