ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : देश के सबसे आधुनिक शहरों में शुमार ग्रेटर नोएडा के नाम बुधवार (27 मई 2026) को एक और बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक खबर यह है कि पहली बार ‘बिग क्रिकेट लीग’ (BCL) के सीजन-टू की मेजबानी ग्रेटर नोएडा को सौंपी गई है। आगामी 3 जून से 13 जून तक ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड में यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। इस महामुकाबले में शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल और रॉस टेलर जैसे दुनिया के दिग्गज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मैदान पर अपना जलवा बिखेरेंगे।
फ्री एंट्री और पार्किंग: जनता के लिए प्राधिकरण का तोहफा
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण (GNIDA) इस भव्य आयोजन में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। प्राधिकरण के सीईओ (CEO) एनजी रवि कुमार के विशेष निर्देश पर एसीईओ (ACEO) प्रेरणा सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने क्रिकेट ग्राउंड और उसके आसपास की सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
सबसे बड़ी और खुशखबरी की बात यह है कि खेल प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क (FREE) रहेगा। इसके साथ ही दर्शकों की सहूलियत के लिए स्टेडियम परिसर के पास पर्याप्त और सुव्यवस्थित पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने इस संबंध में बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी ‘ईज माई ट्रिप’ (EaseMyTrip) के सहयोग से आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 6 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। टी-20 फॉर्मेट पर आधारित इस लीग में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। आपको बता दें कि इस टूर्नामेंट की मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन ‘मुंबई मरींस’ है।
भारत में क्रिकेट प्रेमी इन मैचों का सीधा प्रसारण (Live Broadcast) यूरो स्पोर्ट्स (Euro Sports) चैनल पर देख सकेंगे, जबकि मोबाइल पर इसकी डिजिटल लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड (FanCode) ऐप पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा, लीग से जुड़े वैश्विक नेटवर्क के जरिए इस 11 दिवसीय टूर्नामेंट का दुनिया के 25 से अधिक देशों में लाइव प्रसारण किया जाएगा।
लीग कमिश्नर और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज पूर्व खिलाड़ी दिलीप वेंगसरकर ने बताया कि बिग क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा विश्वस्तरीय मंच तैयार करना है, जिससे जमीनी स्तर की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाया जा सके।
इस लीग की सबसे अनूठी और खास बात यह है कि देशभर से ट्रायल के जरिए चुने गए शौकिया तौर पर खेलने वाले 60 युवा क्रिकेटरों को इन महान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और पूर्व आईपीएल (IPL) स्टार्स के साथ एक ही टीम में, एक ही स्टेडियम में खेलने का ऐतिहासिक अवसर मिलेगा। ‘ईज माई ट्रिप’ के संस्थापक और चेयरमैन निशांत पिट्टी ने भी इस अनूठे फॉर्मेट को देश में क्रिकेट क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

