भारतीय टॉक न्यूज (नोएडा): शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति अभियान 6.0’ का भव्य शुभारंभ किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के दिशा-निर्देशन में नोएडा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (होशियारपुर, सेक्टर-51) से एक विशाल महिला सशक्तिकरण पैदल मार्च एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं और बच्चों के प्रति सुरक्षा का वातावरण निर्मित करना, उन्हें कानूनी अधिकारों से अवगत कराना और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।


डीसीपी सुनीती और एडीसीपी मनीषा सिंह की अगुवाई में निकला पैदल मार्च
नोएडा सेक्टर-51 में आयोजित इस जागरूकता पैदल मार्च का नेतृत्व महिला सुरक्षा पुलिस उपायुक्त (DCP) श्रीमती सुनीती ने किया। वहीं, कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना सेक्टर-49 एवं महिला थाना प्रभारी के आपसी समन्वय से किया गया।
रैली में विभिन्न स्कूलों की लगभग 500 बालिकाओं ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। इसके साथ ही आशा बहुओं, होमगार्ड्स, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
एंटी रोमियो और स्वयं सिद्धा टीमों की रही मुस्तैद मौजूदगी
रैली के दौरान कमिश्नरेट के नोएडा जोन के सभी थानों की मिशन शक्ति टीम, स्वयं सिद्धा टीम और एंटी रोमियो टीम ने सड़कों पर उतरकर नागरिकों को जागरूक किया। विभिन्न प्रशासनिक विभागों के प्रतिनिधियों ने छात्राओं व उपस्थित नागरिकों को महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा संबंधी उपायों और शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

हेल्पलाइन नंबरों व अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
पैदल मार्च के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने आमजन को संदेश दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 112, 1090, 1076 आदि) के बारे में पंपलेट बांटकर जागरूक किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट मीडिया सेल के अनुसार, ‘मिशन शक्ति 6.0’ के तहत जिले की विभिन्न तहसीलों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में पूरे नवरात्र के दौरान सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम और विशेष अभियान निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

