दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सादे कपड़ों में जा रहे पुलिसकर्मी से लूट करने वाला वैगनआर सवार बदमाश मुठभेड़ में ढेर, पैर में लगी गोली

ग्रेटर नोएडा के दादरी में पुलिसकर्मी से लिफ्ट देकर लूट करने वाले वैगनआर सवार बदमाश रंजीत कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार। पैर में लगी गोली, दो फरार।

Partap Singh Nagar
4 Min Read
दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सादे कपड़ों में जा रहे पुलिसकर्मी से लूट करने वाला वैगनआर सवार बदमाश मुठभेड़ में ढेर, पैर में लगी गोली

दादरी/ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ :  ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार (25 मई 2026) की रात को एक तीखी मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुछ दिन पहले सादे कपड़ों में घर लौट रहे एक पुलिसकर्मी को ही लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाकर लूट लिया था।

दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सादे कपड़ों में जा रहे पुलिसकर्मी से लूट करने वाला वैगनआर सवार बदमाश मुठभेड़ में ढेर, पैर में लगी गोली

पुलिसकर्मी को ही बना लिया था निशाना

वारदात बीते 20/21 मई 2026 की रात की है। सादे कपड़ों में ड्यूटी के बाद अपने घर जा रहे एक पुलिसकर्मी को बदमाशों ने सवारी ले जाने के बहाने अपनी वैगनआर कार में बैठा लिया था। रास्ते में कार सवार बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की और हथियारों के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिसकर्मी से लूट की सूचना मिलते ही दादरी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 223/2026 के तहत की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं।

चिटहरा नहर के पास घिरे बदमाश, पुलिस पर चलाई गोली

सोमवार रात को दादरी पुलिस चेकिंग और बदमाशों की तलाश में जुटी थी, तभी पुलिस को ईस्टर्न पेरीफेरल अंडरपास के पास चिटहरा नहर के नजदीक एक संदिग्ध वैगनआर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी और भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में कार चला रहा मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। हालांकि, उसके दो अन्य साथी अंधेरे और झाड़ियों का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती; कार और तमंचा बरामद

गिरफ्तार किए गए घायल बदमाश की पहचान रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक (निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, एटा) के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल रंजीत को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

1- घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर-UP82AT4295

2- 01 अवैध देशी तमंचा, 01 खोखा कारतूस और 01 जिंदा कारतूस (.315 बोर)।

थाना दादरी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत कुमार के आपराधिक इतिहास और उसके गैंग के नेटवर्क की कुंडली खंगाली जा रही है। मौके से फरार हुए उसके दोनों साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जंगलों और आसपास के इलाकों में लगातार कॉम्बिंग (सर्च ऑपरेशन) कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *