गाजियाबाद / भारतीय टॉक न्यूज़: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ मुठभेड़ हो गई। बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतमबुद्धनगर के बादलपुर निवासी गौरव नागर के रूप में हुई है। आरोपी ने बीते दिनों लोनी से हुए ओमकार सिंह के सनसनीखेज अपहरण और हत्याकांड में शामिल होने का जुर्म कबूल कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पेड़ से टकराई कार
लोनी पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि 30 मई 2026 को ग्राम गनौली से हुए ओमकार सिंह अपहरण कांड का मुख्य आरोपी बंथला से चिरोड़ी की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर नहर के पास चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान बंथला की तरफ से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो हड़बड़ाहट में बदमाशों की कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
कार टकराने के बाद चालक गाड़ी से उतरा और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां बदमाश के दोनों पैरों में जा लगीं। गोली लगते ही बदमाश जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
🔸लोनी पुलिस का बयान: “आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में वह घायल हुआ है, जिसका इलाज कराया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।”
पूछताछ में उगला राज: अपहरण के बाद कर दी थी हत्या
पकड़े गए बदमाश गौरव नागर (पुत्र गजराज) ने पूछताछ में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 30 मई को गनौली ग्राम के रहने वाले ओमकार (पुत्र राममेहर) का अपहरण किया था। फिर पहचान छुपाने और मामले को दबाने के लिए ओमकार की हत्या कर दी और शव को मेरठ के रोहटा रोड स्थित गंगानगर में फेंक दिया था। इस मामले में लोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात और भागने में इस्तेमाल होने वाली चीजें बरामद की हैं:
🔸एक सफेद स्विफ्ट कार
🔸 एक .32 बोर की पिस्टल
🔸02 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस
अपराधिक इतिहास: पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गौरव नागर पर एनसीआर (NCR) क्षेत्र के अलग-अलग थानों में करीब आधा दर्जन (6) संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।

