ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्धनगर)/ भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस, इकोटेक-1 पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए 5 शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर व्यापारी से लूटा गया शत-प्रतिशत (100%) माल, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार और अवैध तमंचा बरामद कर लिया है।
लूट का शिकार बने व्यापारी से लगभग 12.138 किलोग्राम सफेद धातु (चांदी) और 635 ग्राम पीली धातु (सोना) के आभूषण लूटे गए थे, जिनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

एटीएस गोलचक्कर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों ने बताया कि 2 अगस्त 2026 को व्यापारी से हुई इस बड़ी वारदात को बेहद गंभीरता से लिया गया था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर घटना के अनावरण के लिए 5 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से जांच आगे बढ़ाते हुए संयुक्त पुलिस टीम ने 4 और 5 अगस्त 2026 की दरमियानी रात एटीएस गोलचक्कर के पास घेराबंदी कर गिरोह के पांचों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
चांदनी चौक से आगरा तक पीछा, यूं दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह चलाकर योजनाबद्ध तरीके से सर्राफा व्यापारियों की रैकी करते हैं।
🔸 8 दिन पहले शुरू हुई रैकी: वारदात से करीब 8 दिन पहले आरोपी कमलकांत दिल्ली के चांदनी चौक स्थित थोक आभूषण बाजार में रहकर आगरा आने-जाने वाले व्यापारियों की रैकी कर रहा था।
🔸 गाड़ी का पीछा: 2 दिन पहले कमलकांत ने अपने साथियों को सूचना दी कि एक व्यापारी इटियोस कार से रात में गहने लेकर आगरा के लिए निकलेगा। इसके बाद आरोपी दो गाड़ियों (बलेनो और स्विफ्ट) से पीछा करने लगे।
🔸 एक्सीडेंट का ड्रामा और लूट: ग्रेटर नोएडा में जीरो प्वाइंट से करीब 2 किलोमीटर आगे एक्सप्रेसवे पर आरोपियों ने एक्सीडेंट का बहाना बनाकर व्यापारी की इटियोस कार को रुकवाया। इसके बाद तमंचे के बल पर चालक और सहयोगियों को डरा-धमकाकर आभूषणों से भरा पूरा बैग लूट लिया और दनकौर के जुनैदपुर के जंगलों में भाग निकले।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
🔸 अंकुर पुत्र जयवीर चौधरी (मूल निवासी: रटौल, बागपत | हाल निवासी: रोहिणी Sector-113, दिल्ली)
🔸अमित पुत्र जयवीर चौधरी (मूल निवासी: रटौल, बागपत | हाल निवासी: रोहिणी Sector-113, दिल्ली)
🔸 सोहित बंसल पुत्र बृजपाल बंसल (मूल निवासी: रटौल, बागपत | हाल निवासी: रोहिणी Sector-113, दिल्ली)
🔸 हिमांशु पुत्र स्व. बृजेश (मूल निवासी: जुनैदपुर, दनकौर | हाल निवासी: रोहिणी Sector-113, दिल्ली)
🔸 कमलकांत पुत्र बजरंगलाल (निवासी: नगली डेयरी, नजफगढ़, दिल्ली)
पुलिस को बरामद हुआ शत-प्रतिशत लूटा गया माल:

🔸 सोने के आभूषण (लगभग 635 ग्राम): 5 हार, 2 मंगलसूत्र, 29 पेंडेंट, 56 महिला अंगूठियां, 34 पुरुष अंगूठियां, 18 लॉकेट और 42 जोड़ी झुमकी।
🔸चांदी (लगभग 12.138 किलोग्राम): भारी मात्रा में सफेद धातु।
🔸 अन्य बरामदगी: 01 बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार और 01 अवैध तमंचा .315 बोर मय 2 जिंदा कारतूस।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में दर्ज मु0अ0सं0 298/2026 (BNS धारा 309(4), 317(2), 127(2), 61(2) और 3/25 आर्म्स एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

