ग्रेटर नोएडा: कलयुगी पिता की करतूत , जायदाद के लालच में 13 साल के बेटे की बलि; अपनों को फंसाने के लिए रची खौफनाक साजिश

ग्रेटर नोएडा के कासना में पिता ने संपत्ति विवाद में अपने 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव तालाब में फेंका। अपनों को फंसाने के लिए रची थी साजिश। आरोपी गिरफ्तार।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा: कलयुगी पिता की करतूत , जायदाद के लालच में 13 साल के बेटे की बलि; अपनों को फंसाने के लिए रची खौफनाक साजिश

ग्रेटर नोएडा/कासना | भारतीय टॉक न्यूज़ : रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से सामने आई है। यहाँ एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने ही रिश्तेदारों को जेल भिजवाने के लिए अपने 13 वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की परतें खोलने में जुटी है।

लापता होने के ड्रामे से खुला राज

घटना की शुरुआत गुरुवार को हुई, जब पुलिस को 13 वर्षीय किशोर के लापता होने की सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में देखा गया था।

संदेह होने पर पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी पिता शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा और झूठी कहानियाँ गढ़ता रहा। उसने यहाँ तक दावा किया कि बेटा गांव गुलिस्तानपुर में उसके दोस्त के पास सुरक्षित है। हालांकि, पुलिस की सख्ती के आगे उसकी दलीलें टिक नहीं पाईं। इसी बीच, पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा गांव स्थित 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक तालाब में किशोर का शव तैर रहा है। मौके पर पहुँचे अधिकारियों ने शव की पहचान लापता किशोर के रूप में की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जो मकसद सामने आया है, वह बेहद डरावना है। आरोपी पिता का अपने ही परिवार के कुछ लोगों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। उन लोगों को हत्या के केस में फंसाकर रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने ही कलेजे के टुकड़े की जान ले ली। उसने सोचा था कि बेटे की हत्या का आरोप विरोधियों पर मढ़ देगा और इस रंजिश में वे जेल चले जाएंगे, जिससे पूरी संपत्ति पर उसका कब्जा हो जाएगा।

इस खौफनाक खुलासे के बाद पूरे इलाके और परिवार में मातम पसरा हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और तालाब के आसपास से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पिता से सघन पूछताछ जारी है और इस मामले में शामिल किसी भी अन्य व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *