निक्की भाटी हत्याकांड: पंचायत में समझौते के दावों के बीच कानूनी अड़चन; जानें ऐसे गंभीर मामलों पर क्या कहता है कानून

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव के निक्की भाटी हत्याकांड में बड़ा मोड़। कानूनी जानकारों और बार एसोसिएशन के अनुसार, हत्या जैसे मामलों में पंचायत का समझौता कोर्ट में मान्य नहीं होगा। गवाहों पर टिकी नजर।

Partap Singh Nagar
5 Min Read
निक्की भाटी हत्याकांड: पंचायत में समझौते के दावों के बीच कानूनी अड़चन; जानें ऐसे गंभीर मामलों पर क्या कहता है कानून

ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ :  ग्रेटर नोएडा के बहुचर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में एक नया और बेहद पेचीदा कानूनी मोड़ आ गया है। पिछले दिनों मायके और ससुराल पक्ष के बीच हुई महापंचायत में समझौते की जो बात सामने आई थी, उस पर अब देश के कानून ने पानी फेर दिया है। कानूनी विशेषज्ञों और बार एसोसिएशन के बयानों के मुताबिक, भले ही दोनों परिवारों ने सामाजिक स्तर पर सुलह कर ली हो, लेकिन कानूनी तौर पर इस मुकदमे को अदालत में समझौते के जरिए समाप्त नहीं किया जा सकता।

निक्की भाटी हत्याकांड: पंचायत में समझौते के दावों के बीच कानूनी अड़चन; जानें ऐसे गंभीर मामलों पर क्या कहता है कानून

क्यों नामुमकिन है कानूनी तौर पर समझौता?

इस पूरे मामले में कासना कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जिन धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है, वे भारतीय कानून के तहत गैर-समझौतावादी (Non-Compoundable) श्रेणी में आती हैं।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने इस कानूनी पेचीदगी को स्पष्ट करते हुए बताया:

“हत्या (Murder) और आपराधिक साजिश (Criminal Conspiracy) जैसी गंभीर धाराएं कानून की नजर में जघन्य अपराध की श्रेणी में गिनी जाती हैं। ऐसे संगीन मामलों में अदालतें किसी भी प्रकार की आपसी सुलह, पंचायत या पारिवारिक समझौते के आधार पर मुकदमे को खारिज या खत्म नहीं कर सकती हैं।”इन मामलों में अदालतें किसी भी प्रकार की आपसी सुलह या पंचायत के फैसले के आधार पर मुकदमे को सीधे तौर पर समाप्त नहीं कर सकती हैं। केस का फैसला पूरी तरह से अदालत में पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों पर ही निर्भर करता है।

अब केवल एक ही रास्ते से बच सकते हैं आरोपी!

कानूनी जानकारों का कहना है कि अब इस मामले में जेल में बंद आरोपियों के लिए राहत की स्थिति सिर्फ और सिर्फ एक ही परिस्थिति में बन सकती है—जब मामले के मुख्य गवाह अदालत में गवाही के दौरान अपने पूर्व बयानों से पूरी तरह मुकर जाएं (Hostile हो जाएं)।अगर गवाहों ने कोर्ट में अपनी बात बदल दी, तभी आरोपियों के बरी होने की गुंजाइश बनेगी, अन्यथा सामाजिक समझौते का अदालत की कार्यवाही पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा।

खुद सगी बहन है इस हत्याकांड की प्रत्यक्षदर्शी

यह मामला इसलिए भी कानूनी रूप से बेहद मजबूत है क्योंकि मृतका की सगी बहन कंचन भाटी ही इस पूरी घटना की चश्मदीद (प्रत्यक्षदर्शी) गवाह है। कंचन भाटी का रिश्ता इसी परिवार में हुआ है; वह निक्की के पति विपिन के बड़े भाई रोहित की पत्नी है।

कंचन ने ही पुलिस को दी गई नामजद तहरीर में खुद को चश्मदीद बताते हुए आरोप लगाया था कि परिवार के लोगों ने मिलकर उसकी बहन निक्की को जिंदा जलाया था। कंचन के इसी बयान के आधार पर पुलिस ने पति विपिन, जेठ रोहित और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

गौरतलब है कि 21 अगस्त 2025 को कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में 26 वर्षीय निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मौत हो गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कासना पुलिस ने हर पहलू की विस्तृत विवेचना की और करीब 500 पन्नों की मजबूत चार्जशीट (आरोप पत्र) अदालत में दाखिल की है।

भले ही समाज और रिश्तेदारों के दबाव या बच्चों के भविष्य की दुहाई देकर पंचायत में शर्तों के आधार पर राजीनामा कर लिया गया हो, लेकिन 500 पन्नों के पुख्ता सबूतों और प्रत्यक्षदर्शी बहन के बयानों के बीच अब गेंद पूरी तरह अदालत के पाले में है। कानून के रक्षक इसे समाज का एक और ऐसा मामला मान रहे हैं जहां जघन्य अपराध को सामाजिक दबाव में दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कानूनन यह संभव नहीं दिख रहा।

परिणाम पूरी तरह अदालत के अधीन

मायके पक्ष द्वारा बच्चों के भविष्य, संपत्ति के अधिकार और पारिवारिक सामंजस्य की दुहाई देकर पंचायत में जो भी निर्णय लिए गए हों, लेकिन कानूनी जानकारों का साफ कहना है कि अंतिम फैसला केवल और केवल अदालत की मेरिट (Merit) पर ही तय होगा। कोर्ट में चल रहे इस मुकदमे का ऊंट किस करवट बैठेगा, यह पूरी तरह से आने वाले समय में अदालती कार्यवाही और कानूनी जिरह से ही साफ हो सकेगा

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *